लखनऊ: लखनऊ में नगर निगम चुनाव में 34.31 प्रतिशत वोट पड़े। वहीं 10 नगर पंचायतों में 62.19 फीसदी वोट पड़े हैं। शहरी क्षेत्रों में वोटिंग प्रतिशत काफी कम चल रहा है। लखनऊ नगर निगम जोन-2 में भाजपा और सपा समर्थकों में झड़प हो गई है। सपा समर्थकों ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र के अंदर सिर्फ विपक्ष पर सख़्ती बरती जा रही है। पुलिस ने किसी तरह सपा समर्थकों को शांत कराया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुबह गोमतीनगर के विपुल खंड स्थित स्कॉलर्स होम बूथ पर वोट डाला। वोट डालने के बाद वोटिंग साइन दिखाया। कहा कि मैं लखनऊ के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वो मतदान निश्चित रूप से करें। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पत्नी के साथ लखनऊ में वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज आधी रात को महिलाएं कहीं भी चाय कॉफी पीते नज़र आती है। पिछली सरकारों के दौरान ऐसा नहीं था। लखनऊ से सपा मेयर प्रत्याशी वंदना मिश्रा मतदान किया और कहा कि ईवीएम की थोड़ी समस्या हुई।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने लखनऊ में वोट डाला। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यूपी में आज निकाय के चुनाव हो रहे हैं। हमारी पार्टी ये चुनाव अपने बलबूते पर अकेले लड़ रही है। हमें भरोसा है कि हमें अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा। लखनऊ से भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल ने कहा कि मैं लखनऊ की जनता से अपील करती हूं कि पोलिंग बूथ पर आकर अपना वोट डालें, क्योंकि बूथ खाली पड़े हैं। बहुत कम संख्या में लोग मतदान कर रहे है।
लखनऊ में 31 लाख मतदाता शहर की सरकार चुनने में लग गए है। इसके लिए शहर पर सुबह से ही लोग पहुंचने लगे है। व्यवस्थाओं में कोई दिक्कत न आए इसको लेकर कंट्रोल रूम बना दिया है। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार खुद कंट्रोल रूम से शहर की व्यवस्था जानने में लगे हैं। सुबह वोटिंग शुरू होने के साथ ही उन्होंने सबसे पहले कंट्रोल रूम का दौरा किया और वहां का मुआयना किया। लखनऊ में नगर निगम चुनाव में अभी तक 50 फीसदी से ज्यादा वोटिंग नहीं हुई है। इसमें साल 2017 में तो महज 38 फीसदी वोट पड़े थे। ऐसे में इस बार वोट प्रतिशत बढ़ाने का दबाव भी है। वोटिंग के दौरान अगर कोई समस्या आए तो इसके लिए ही कंट्रोल रूम बनाया गया है।