जनवाणी ब्यूरो |
हरिद्वार: विगत 3 माह से वेतन नहीं मिलने पर आक्रोशित अशासकीय शिक्षकों ने उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ आनंद भारद्वाज के माध्यम से भेजकर अविलंब वेतनग्रांट जारी करने व शिक्षकों को प्रतिमाह नियमित वेतन देने की मांग की है।
अशासकीय शिक्षकों को इस वित्तीय वर्ष में लगातार अनियमित रूप से वेतन प्राप्त हो रहा है, जिससे शिक्षकों को कई प्रकार की आर्थिक व मानसिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। वेतन के भरोसे बैंकों से होमलोन, व्हीकल लोन अथवा अपने बच्चों के लिए एजुकेशन लोन आदि की ईएमआई समय पर नहीं चुका पा रहे हैं।
जिससे उनका बैंक सिबील रिकॉर्ड भी खराब हो रहा है। अशासकीय शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिलने से अन्य नियमित खर्चे चलाने में भी परेशानी हो रही है। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी 3 महीने से वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों में भारी आक्रोश है।
मुख्यमंत्री ने इस वर्ष के लिए दीपावली बोनस की भी घोषणा की है,लेकिन हरिद्वार जनपद के कई अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों को अभी तक पिछले वर्ष का दिवाली बोनस तक नहीं मिल पाया है।
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में उक्त 3 माह का वेतन दीपावली से पूर्व देने, भविष्य में प्रतिमाह नियमित रूप से वेतन जारी करने की तथा पिछली दिवाली के बोनस से वंचित शिक्षकों को उनका बोनस दिलवाने तथा इस वर्ष का दिवाली बोनस दीवाली से पूर्व ही दिलवाने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में संघ के जिला अध्यक्ष राजेश सैनी,जिलामंत्री जितेंद्र पुंडीर, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी,अरविंद कुमार, रामकुमार शर्मा, गीता रानी, शैली चौहान, रक्षपाल सिंह चौहान, गगनवीर सिंह, कृष्णा चंद जोशी, सुनील कटारिया, महावीर सिंह, आरिफ हुसैन, रजत बहूखंडी, कुंवरपाल सिंह चौहान, संचित कुमार शर्मा, सुनील चौहान, अश्वनी कुमार शर्मा, ओपी गौनियाल , जितेंद्र सिंह, रमेश चंद, भौपाल सिंह, मैनपाल सिंह, अविनाश शर्मा, राजेश कुमार, पपुसिह, पारस चौधरी, प्रमोद कुमार आदि उपस्थित रहे।

