जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज सोमवार को चुनाव आयोग पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। यह ऐलान निर्वाचन आयोग दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए करेगा।
बता दें कि साल 2023 के अंत तक पांच राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होने हैं। पांचों राज्यों में कुल 679 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है।
मध्य प्रदेश में इस वक्त भाजपा की सरकार है। तो वहीं, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस पार्टी शासन में है। तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव वाली भारत राष्ट्र समिति यानी बीआरएस की सरकार है। मिजोरम में जोरमथंगा की मिजो नेशनल फ्रंट सत्ताधारी पार्टी है।
दरअसल, साल 2018 में पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान छह अक्तूबर को हुआ था। छत्तीसगढ़ में चुनाव दो चरणों में कराए गए थे। वहीं मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में एक चरण में वोटिंग हुई थी। पांचों राज्यों के चुनाव नतीजे एक साथ 11 दिसंबर को आए थे।

