- एआई से होगी पुलिस भर्ती परीक्षा की निगरानी
- केंद्र के 200 मीटर के दायरे में मोबाइल नहीं करेगा काम
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आर्टीफिशल इंटेलीजेंस सिस्टम यानि एआई से पुलिस भर्ती परीक्षा की निगरानी की जाएगी। शहर में करीब 20 हजार परीक्षार्थी पुलिस भर्ती की परीक्षा देंगे। इसके लिए तमाम तैयारियां कर ली गयी है। परीक्षा को गड़बड़ी विहिन कराने के लिए पुलिस के आला अफसरों ने कमर कस ली है। परीक्षा केंद्र के करीब 20 मीटर के दायरे में परीक्षा के दौरान जैमर एक्टिवेट रहेंगे।

एडीजी जोन ध्रुवकांत ठाकुर ने बताया कि जो तैयारियां की गई है, उसमें गड़बड़ी की गुंजाइश तनिक भी नहीं है। मेरठ जोन के सात जिलों में 89 हजार से अधिक अभ्यार्थी देंगे परीक्षा, सबसे अधिक सहारनपुर में, आज और कल दो दिन परीक्षा आयोजित होगी। मेरठ में करीब 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र पर गड़बड़ी रोकने के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
कंट्रोल रूम तैयार, दो पालियों में परीक्षा
बड़े स्तर पर होने वाली उत्तर प्रदेश कांस्टेबल भर्ती को लेकर प्रशासन और बोर्ड पूरी तरह से तैयार है। सुरक्षा के लिहाज से इस बार दो कंट्रोल रूम तैयार किये गए हैं। कंट्रोल रूम में सीधी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी द्वारा रियल टाइम मॉनिटरिंग से कराई जाएगी। जिसकी लाइव रिकॉर्डिंग सीधा कंट्रोल रूम को मिलेगी। जिले के परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी और जैमर लगाए गए हैं।

इस बात का पूरा ख्याल रखा जा रहा है कि कोई भी नकल न कर पाए और परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सके। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। सुबह 10 से दोपहर 12 तक होगी और दूसरी परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक कराई जाएगी।
एआई तकनीक से मुन्नाभाइयों पर नजर
पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंधमारी रोकने और मुन्नाभाई को पकड़ने के लिए एआई तकनीक का सहारा लिया जाएगा। यूपी पुलिस की आनलाइन कम्प्यूटर आपरेटर परीक्षा में सेंधमारी होने के बाद अब पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर अधिकारी बेहद सतर्कता बरत रहे हैं। पुलिस भर्ती परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंधमारी रोकने के लिए पहली बार एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलाजी का उपयोग किया जाएगा।
शहर में तीन स्तरीय होगी चेकिंग व्यवस्था
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में सुरक्षा इंतजाम बेहद सख्त रहेगा। इसके अलावा साइबर सेल, सर्विलांस सेल, एसओजी और एसटीएफ के साथ ही स्थानीय पुलिस इंटेलिजेंसी को भी लगाया गया है। जिससे कि नकल माफिया पर शिकंजा कसा जा सके। परीक्षा में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर यातायात भी डायवर्ट रहेगा। परीक्षा शुरू होने और खत्म होने के बीच यातायात का हाल देखते हुए ढील भी दी जा सकती है।
इन पर रहेगा प्रतिबंध
- प्रवेश पत्र के अलावा कोई भी पेपर
- पेसिंल बॉक्स
- कैलकुलेटर
- सन ग्लासेज
- कैप
- ज्वैलरी
- मोबाइल और पेन ड्राइव
- कैमरा और घड़ी
- डिजिटल पेन
- हेल्थ बैंड
- ब्लूटूथ
- चाबी
अभ्यर्थियों का सिटी रेलवे स्टेशन, भैंसाली बस अड्डे पर दिखा हुजूम
मेरठ: पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिये परीक्षा केंद्रो पर समय से पहुंचने को लेकर शुक्रवार को सिटी रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखी गयी। इस दौरान रेलवे टिकटिंग और इंक्वायरी कांउटर पर मौजूद अभ्यर्थी टिकट खरीदकर ट्रेन में टाइमिंग पता करते दिखे। रेलवे द्वारा सभी ट्रेनों के समय से चलने की जानकारी दी। हालांकि इस दौरान प्लेटफार्म पर बैठे ट्रेन के इंतजार में बैठे अभ्यर्थी रेलवे की अधिकारिक वेबसाइट पर भी इंक्ववायरी करने में मशगुल रहे।

विभिन्न मांगो को लेकर धरनारत किसानों ने शुक्रवार को भारत बंद का ऐलान किया था जिसके चलते ट्रेनों के संचालन बाधित होने की आशंका बलवती होते दिख रही थी। जिले सहित प्रदेश भर में यूपी पुलिस की आज होने वाली कांस्टेबल परीक्षा में समय से पहुंचने के लिये शुक्रवार दोपहर से ही अभ्यर्थियों ने सिटी रेलवे स्टेशन पर जुटना शुरू कर दिया। अभ्यर्थी राजेश ने बताया कि उनका सेंटर सहारनपुर में है और वह रात में ही वहां पहुंचकर सेंटर पर परीक्षा की पहली पाली के समय सुबह 10 बजे से पूर्व ही पहुंचना चाहते हैं,

इसलिये वह इंक्वायरी काउंटर पर और आरआईसीटीसी की अधिकारिक साइट पर ट्रेन के संचालन का समय देख रहे हैं, जिससे कि वह ट्रेन लेट होने की दशा में अन्य साधनों का प्रयोग समय रहते कर सके। स्टेशन परिसर में मौजूद रेलवे रिजर्वेश्न क्लर्क ने बताया कि आम दिनों के मुकाबले परीक्षा के कारण अधिक भीड़ होने के कारण रेलवे द्वारा समय रहते उचित व्यवस्था बनाने के प्रयास किये गये हैं।

