जनवाणी ब्यूरो |
पटना: आज सोमवार की सुबह बिहार में बड़ा हादसा हो गया। खबर मिली है कि खगड़िया में हाईवे पर एक एसयूवी ने ट्रैक्टर को पीछे से ऐसी जबरदस्त टक्कर मारी कि चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को खगड़िया सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई। बताया जा रहा है कि जिले के चौथम थाना क्षेत्र के ठूठी मोहनपुर से बारात मरैया थाना क्षेत्र स्थित बिठला गांव आई थी। बारात के ही लोग सूर्योदय से पहले करीब तीन से चार बजे के बीच लौट रहे थे।
इसी दौरान पसराहा थाना क्षेत्र स्थित न 31 विद्या रत्न पेट्रोल पंप के पास एसयूवी वाहन सीमेंट लोड ट्रैक्टर के पीछे जा घुसी। इससे वाहन सवार सात लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई जबकि एक की मौत सदर अस्पताल खगड़िया में इलाज के दौरान हुई है।
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद खगड़िया सदर अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुड़ गई है। पूरा अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। मरने वालों की पहचान विनोद ठाकुर के 32 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार, उमेश ठाकुर के सात वर्षीय पुत्र मोनू कुमार, प्रमोद कुमार के 25 वर्षीय पुत्र अमन कुमार, विकास ठाकुर के 23 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार, राम ठाकुर के 50 वर्षीय पुत्र पलटू ठाकुर, शांति ठाकुर के 47 वर्षीय पुत्र विकास कुमार, विकास ठाकुर के 10 वर्षीय पुत्र दिलों कुमार और रोहन सिंह के 48 वर्षीय पुत्र प्रकाश सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचे सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है।

