जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आज शनिवार तड़के पांच बजे एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गयी है। दरअसल, मानसिक रूप से विक्षिप्त ने परिवार के पांच लोगों को गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। इस वारदात के बाद हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, रामपुर मथुरा थाना इलाके के पल्हापुर गांव के रहने वाले अनुराग ठाकुर ने शनिवार को अपनी मां सावित्री, पत्नी प्रियंका, बेटी अश्विनी, छोटी बेटी अश्वी और बेटे अद्वैत(6) को भी गोली मार दी। जिसके बाद अनुराग ने खुद को भी उड़ा लिया। सभी छह लोगों लोकी मौत हो गई है। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
युवक नशे का आदी था
उधर, मौके पर मौजूद सीओ महमूदाबाद दिनेश शुक्ला ने बताया कि युवक नशे का आदी था। परिवार वाले उसे नशा मुक्त केंद्र ले जाना चाहते थे, इसको लेकर रात में विवाद हुआ। इसके बाद भोर में यह घटना हुई। बता दें कि, वारदात इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।

