जनवाणी ब्यूरो |
ऋषिकेश: कोतवाली पुलिस ने स्कूल कालेज और अन्य शिक्षण संस्थाओं में युवाओं को बेचने के लिए सहारनपुर से तस्करी कर लाये गए 4440 नशे के कैप्सूल सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल कब्जे में ली है।
सोमवार के रोज कोतवाली ऋषिकेश पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर मुर्गी फार्म, आईडीपीएल, हरिद्वार रोड के पास से एक 54 वर्षीय व्यक्ति को को सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर नशीले कैप्सूल की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया।
जिसकी पहचान जितेंद्र कुमार वर्मा पुत्र स्वर्गीय मलखान निवासी गली नंबर एक ,हनुमान मंदिर किलोनी ऋषिकेश के रूप में की गई। कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उक्त कैप्सूलों को सहारनपुर के डीलर से खरीदकर लाया था, जिसे वह यहां के स्कूल, कालेज के छात्रों तथा फैक्ट्रीयों में काम करने वाले मजदूरो को उंचे दामो में बेचकर मुनाफा कमाया जाता है। इस व्यक्ति से पुलिस को पूछताछ में कुछ अन्य नशा तस्करों के सम्बंध में जानकारी प्राप्त हुई है।

