जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अहमदाबाद में बीजेपी के पुराने कार्यालय और सोमनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गया है। खानपुर स्थित पार्टी कार्यालय को एक संदिग्ध ईमेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा जांच शुरू कर दी।
किन-किन स्थानों को बनाया गया निशाना?
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद नगर पुलिस को मिले इस धमकी भरे ईमेल में खानपुर स्थित बीजेपी के पुराने कार्यालय, कोबा स्थित पार्टी कार्यालय और प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर समेत कई अन्य संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और बम निरोधक दस्ता (BDDS) तुरंत हरकत में आ गए।
सुरक्षाबलों ने शुरू किया सघन तलाशी अभियान
खानपुर स्थित बीजेपी कार्यालय में खतरे की आशंका को देखते हुए सुरक्षा टीमों ने परिसर की गहन जांच की। इस दौरान अहमदाबाद के नगर महापौर हितेश बरोट और बीजेपी नगर महासचिव उमंग नायक भी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही, पुलिस और सुरक्षा बलों ने सोमनाथ मंदिर और कोबा स्थित बीजेपी कार्यालय में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
मुख्यमंत्री, पुलिस और ‘रॉ’ को भी बनाया गया निशाना
पुलिस को मिले इस ईमेल में सिर्फ दफ्तरों और मंदिरों ही नहीं, बल्कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पुलिसकर्मियों और खुफिया एजेंसी ‘रॉ’ (R&AW) को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है। ईमेल में अलग-अलग जगहों पर बम छिपाए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा, संदेश में देश विरोधी नारे और आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है।
पुलिस ने क्या कहा?
एसीपी अद्वैत गांधी ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया, “सुबह करीब 9 बजे गांधीनगर स्थित राज्य खुफिया ब्यूरो से सूचना मिली थी कि खानपुर स्थित बीजेपी केंद्रीय कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अलर्ट मिलते ही बीडीएस (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड) ने कार्यालय की पूरी तरह से जांच की।”
उन्होंने आगे बताया कि सोमनाथ मंदिर और कोबा कार्यालय को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और इसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की टीम जांच में जुटी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक की गई जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

