जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं ने बढ़ती गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत पहुंचाई। मौसम में आए बदलाव का असर तापमान के साथ-साथ वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दिया। बारिश और हवाओं के चलते कई इलाकों में प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई है।
34 डिग्री तक रहा तापमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 17 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई। इस दौरान हवा में नमी का स्तर करीब 65 से 75 प्रतिशत के बीच रहा।
आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 18 सितंबर को तापमान 33 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
वहीं, 19 सितंबर को तापमान 34 से 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 20 सितंबर से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान है, जबकि आसमान अपेक्षाकृत साफ रह सकता है।
21 और 22 सितंबर को भी मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है। ऐसे में सप्ताह के शुरुआती दिनों में बादलों और हल्की बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है।
बारिश से प्रदूषण में भी आई कमी
सुबह हुई बारिश और तेज हवाओं का असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह अलीपुर का AQI 101, आनंद विहार का 115, अशोक विहार का 103, आया नगर का 87, बवाना का 73 और बुराड़ी क्रॉसिंग का 114 दर्ज किया गया। वहीं, कैंटोनमेंट एरिया का AQI 69, चांदनी चौक का 106 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 91 रहा।
नोएडा में कुछ इलाकों की हवा अभी भी मध्यम श्रेणी में
नोएडा में भी बारिश और हवाओं के बाद वायु गुणवत्ता में बदलाव देखने को मिला। गुरुवार सुबह सेक्टर-125 का AQI 168, सेक्टर-62 का 103, सेक्टर-1 का 120 और सेक्टर-116 का 161 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों के मुताबिक, नोएडा के कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता अभी भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है।
गाजियाबाद में भी प्रदूषण स्तर में राहत
गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में भी AQI में राहत देखने को मिली। गोविंदपुरम में AQI 60, इंदिरापुरम में 93, संजय नगर में 139, वसुंधरा में 126 और वेद विहार-लोनी में 114 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। बारिश और हवाओं के चलते फिलहाल लोगों को उमस से राहत मिली है, जबकि सप्ताह के दूसरे हिस्से में आसमान साफ होने के साथ गर्मी फिर बढ़ सकती है।

