- मुंडाली निवासी व्यक्ति ने डाउन पेमेंट देकर गाड़ी कराई थी बुक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मारुति के तान्या शोरूम का एक सेल्समैन ग्राहक की डेढ़ लाख की रकम लेकर गायब हो गया। इसको लेकर ग्राहक व साथ आए लोगोें ने जमकर हंगामा किया। मौके पर लालकुर्ती पुलिस पहुंच गयी। बच्चा पार्क के समीप स्थित मारुति गाड़ियों के शोरूम तान्या मोटर्स पर बुधवार को ग्राहक और उनके साथियों ने अपने लोगों को लेकर हंगामा किया। आरोप है कि ग्राहक एक दिन पहले भी शोरूम पर आया था, लेकिन उसकी बात सुनने के बजाए अभद्रता कर उसको भगा दिया गया।
बुधवार को शोरूम पर पहुंचे मुंडाली नंगलामल निवासी साबिर ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसने मारुति कंपनी की इको गाड़ी बुक की थी। जब वह शोरूम पर आया था तो कंपनी के सेल्समैन जुनैद पुत्र सरताज निवासी लिसाड़ीगेट तारापुरी जादूवाली गली ने उसको अटैंड किया था। 6.50 लाख कीमत की गाड़ी तय की गयी। डाउन पेमेंट के रूप में 38 हजार आॅनलाइन और बाकी पेमेंट कैश दी थी। 20 मई को गाड़ी की डिलीवरी होनी थी। इस दौरान वह जुनैद से लगातार मोबाइल पर बात करते रहे। 20 मई दिन मंगलवार को जब वह यहां पहुंचे तो बताया गया कि सेल्समैन साबिर तो कई दिन से नहीं आ रहा है।
इसके बाद उन्होंने शोरूम के ब्रांच मैनेजर अलमास से जानकारी ली। अलमास ने बताया कि उन्हें जो गाड़ी बतायी जा रही है उसकी बुकिंग या डिलीवरी की कोई जानकारी नहीं। मंगलवार को साबिर वापस लौट गए। बुधवार को वह दो दर्जन लोगों के साथ पहुंचे और वहां पर जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस साबिर को अपने साथ थाना ले गयी। वहां उनसे आरोपी सेल्समैन के खिलाफ धोखाधड़ी की तहरीर ली है। ब्रांच मैनेजर अलमास ने भी जुनैद के खिलाफ तहरीर देने की बात कही है।
पांच दिन से नहीं आया घर
ठगी का शिकार हुए साबिर ने बताया कि गाड़ी के शोरूम से जुनैद का पता लेकर वह तलाश करते हुए लिसाड़ीगेट क्षेत्र स्थित उसके मकान पर जा पहुंचे। वहां उसकी बहन मिली। उन्होंने बताया कि साबिर पांच दिन से घर नहीं आया है। उसके बाद ही साबिर बुधवार को शोरूम पर पहुंचे थे और हंगामा किया। लालकुर्ती पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।

