नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक अभिनंदन और स्वागत है। लोकसभा चुनाव 2024 के पांच चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका है। आज छठे चरण की वोटिंग हो रही है। आठ प्रदेशों में मतदान कराए जा रहे हैं। सुबह सात बजे से वोट डालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस चरण में कुल 11.13 करोड़ से अधिक मतदाता 889 उम्मीदवारों का फैसला करेंगे।
राजद नेता बोले- मुझे प्रधानमंत्री की चिंता होती है
राजद नेता मनोज झा ने कहा, ‘मैं पहले प्रधानमंत्री से असहमत होता था… अब मुझे प्रधानमंत्री की चिंता हो रही है। वे मेरे देश के प्रधानमंत्री हैं, दुनिया में क्या सोचा जा रहा होगा कि मेरे देश के प्रधानमंत्री की राजनीतिक जुबान कैसी है… कौन सी फिल्में देख देख कर ये डायलॉग लिखे जा रहे हैं?… अगर कोई ये कहने लगे कि मैं दैव्य रास्ते से आया हूं, मेरा जन्म बायोलॉजिकल तरीके से नहीं हुआ है, अगर हम और आप ये बात कहें तो लोग कहेंगे कि इसे डॉक्टर के पास ले चलो।’
‘देश की जनता इन्हें 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी’
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ’10 सालों में इनकी(भाजपा) हर बात झूठी निकली और हर वादा झूठा निकला है… ये लोग 400 पार का नारा दे रहे थे। इस बार 400 पार नहीं होगा बल्कि 400 हार जाएंगे… दिल्ली वालों ने अपने मन की बात 400 पार में कह दी… इस बार देश की जनता इन्हें 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी।’
दिल्ली में कांग्रेस नेता अजय माकन ने लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में मतदान किया। अजय माकन ने कहा, ‘माहौल बहुत ही अच्छा है। सब लोग INDIA गठबंधन के हक में मतदान कर रहे हैं… लोगों से बात करके पता चलता है कि यहां INDIA गठबंधन की बहुत अच्छी स्थिति है।’
दोपहर तीन बजे तक मतदान के अनुमानित आंकड़े
| राज्य | 9 बजे तक मतदान % | 11 बजे तक मतदान % | 1 बजे तक मतदान % | 3 बजे तक मतदान % |
| बिहार | 9.66 | 23.67 | 36.48 | 45.21 |
| हरियाणा | 8.31 | 22.09 | 36.48 | 46.26 |
| जम्मू-कश्मीर | 8.89 | 23.11 | 35.22 | 44.41 |
| झारखंड | 11.74 | 27.80 | 42.54 | 54.34 |
| दिल्ली | 8.94 | 21.69 | 34.37 | 44.58 |
| ओडिशा | 7.43 | 21.30 | 35.69 | 48.44 |
| उत्तर प्रदेश | 12.33 | 27.06 | 37.23 | 43.95 |
| पश्चिम बंगाल | 16.54 | 36.88 | 54.80 | 70.19 |

