- दो बजे के बाद कस्बे में नहीं मिल पाती सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं
- मरीजों को भारी पड़ रही स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही
जनवाणी संवाददाता |
लावड़: प्राइवेट अस्पतालों के महंगे बिलों से मध्यम व गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार बच सके, इसके लिए सरकारी अस्पतालों में भी अब सुविधाएं दी जा रही है, लेकिन लावड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आज भी आपातकाल सेवाएं मुहैया नहीं हो पाती। कस्बे में भी सरकारी चिकित्सक रुक सके और रात में आपातकाल के दौरान अपनी सेवाएं दे सके इसके लिए 17 साल पहले आवास बनाए गए थे, लेकिन आजतक भी यहां कोई चिकित्सक नहीं रुका। देखरेख के अभाव में यह आवास जर्जर हो चले हैं तथा खंडहर में तब्दील होने लगे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लगभग 17 वर्ष पहले लाखों रुपये की धनराशि खर्च कर कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों के लिए आवास बनवाए थे। जिससे कस्बे व आसपास के लोगों को 24 घंटे इमरजेंसी सेवा मिल सके। मगर तमाम कोशिशों के बावजूद किसी चिकित्सक ने यहां रुकने की जहमत नहीं उठायी। जिस कारण क्षेत्र के लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए सीएचसी दौराला का रुख करना पड़ता है।
झोलाछापों के भरोसे रहती है जनता
लावड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लावड़ नगर, महल, खरदौनी, चिंदौड़ी, मवी, अझौता, देदवा, मीठेपुर, समसपुर, चरला, गड़ीना, जलालपुर, अंदावली आदि गांव जुड़े हुए हैं। स्वास्थ्य केंद्र दो बजे बंद हो जाने और चिकित्सकों के आवास में नहीं रुकने के कारण इन गांवों से आने वाले मरीजों को मजबूरी में झोलाछाप चिकित्सकों से उपचार कराना पड़ता है। झोलाछाप चिकित्सक मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करते हैं।
आवास बनते जा रहे खंडहर
चिकित्सकों के लिए बनाए गए सरकारी आवास रखरखाव के अभाव में खंडहर होते जा रहे हैं। आवास क्षतिग्रस्त होकर बेकार हो चुके हैं। कई कमरों को सामान भरने के काम में लिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को कई मर्तबा मामले से अवगत कराया तथा समाधान की गुहार लगाई मगर तमाम प्रयासों के बाद भी कोई हल नहीं निकल सका।
ऊर्जा राज्यमंत्री ने सीएम से शहर के लिए मांगी एलिवेटेड रोड और सोलर सिटी
प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले और मेरठ के लिए एलिवेटेड रोड व सोलर सिटी मांगीं। सोमेन्द्र तोमर ने बताया कि सीएम ने उनकी बातें ध्यान से सुनीं तथा शीघ्र ही मेरठ के लिए बड़ी घोषणा का आश्वासन दिया। सोमेन्द्र तोमर ने सीएम योगी बताया कि मेरठ में रैपिड रेल का कार्य, भारी वाहनों के शहर में प्रवेश व स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों के अवकाश के समय शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम की समस्या अत्यधिक उत्पन्न हो रही है जिस कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उनका अत्यधिक समय अपनी यात्रा में लग जाता है। आगामी माह में कांवड़ यात्रा भी प्रारम्भ हो रही है। इसलिए मेरठ को जाममुक्त किया जाना जनहित में अति आवश्यक है। उन्होंने काली नदी से लेकर सुभारती विश्वविद्यालय तक एलिवेटेड रोड की मांग की।

