- पुलिस-प्रशासन की शह पर रोहटा क्षेत्र में हो रहा जमकर अवैध खनन
जनवाणी संवाददाता |
रोहटा: पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से क्षेत्र में भूमाफिया ने धरती का सीना छलनी करके रख दिया है। भूमाफियाओं ने रात-दिन जेसीबी से अवैध खनन करके कई-कई फीट की खाई खड़ी कर दी है। यही नहीं अंधेरे में चलने वाले खनन के ओवरलोड वाहनों ने तमाम रास्तों को भी गड्ढे में तब्दील कर दिया है। उड़ती धूल से ग्रामीण परेशान होकर रह गए हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल जनसुनवाई पर शिकायत करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
दरअसल, रोहटा थाना क्षेत्र पहले से ही अवैध खनन के लिए काफी बदनाम है। एक तरह से अवैध खनन की कैपिटल रोहटा क्षेत्र ही माना जाता है। शहर से नजदीक होने और रोहटा रोड पर काफी खेत और जंगल होने के कारण यहां शुरू से ही अवैध खनन होता रहा है। इस और मुख्यमंत्री के आदेश-निर्देश के बावजूद यहां खनन रुकने का नाम नहीं लिया है। अब फिलहाल में सलाहपुर गांव के जंगल में भूमाफियाओं द्वारा अवैध खनन कराया जा रहा है। अंधेरे में भूमाफिया के पीले पंजे धरती का सीना चीर रहे हैं। अवैध खनन से खेतों में भूमाफिया ने कई-कई फीट की गहरी खाई तक खड़ी कर दी है।
तमाम नियम कायदे ताक पर रखते हुए स्थानीय पुलिस-प्रशासन से सेटिंग के कारण भूमिया जमकर धरती का सीना छलनी करने में रात दिन लगा हुआ है। सलाहपुर के जंगलों में हो रहे अवैध खनन से ग्रामीण और खेत के आसपास के किसान काफी परेशान हो चुके हैं। रात के अंधेरे में खनन माफिया के वाहनों से ढोई जा रही मिट्टी के कारण गांव में आसपास के कई रास्ते गधों में तब्दील हो चुके हैं। यही नहीं रात के समय खनन माफिया के वाहनों से उड़ती धूल के कारण ग्रामीणों का जीना भी मुहाल हो चला है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने खनन माफिया के वाहन चालकों से पूछा तो उन्होंने बताया कि यह वीरेंद्र प्रधान के हैं। जिसके बाद अब खनन माफिया की करतूत को लेकर ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करते हुए इस मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। उधर, इस संबंध में एसडीएम सदर कमल किशोर ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, यदि शिकायत मिलती है तो जांच करके कार्रवाई कार्य अवश्य कराई जाएगी।

