जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कस्बे के दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
सोमवार की देर रात्रि राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी कि कस्बे के दिल्ली सहारनपुर रोड पर स्थित द गोल्ड पब्लिक स्कूल के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक 32 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस ने मृतक की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी कमल के रूप में हुई। मृतक कमल देर रात्रि पैदल ही कहीं जा रहा था। इसी बीच अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे कमल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं दूसरी और देर रात्रि क्षेत्र के गांव पंजोखरा के निकट पैदल जा रहे 40 वर्षीय व्यक्ति को सेंट्रो कार ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने से व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

