जनवाणी संवाददाता |
बागपत: पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने लोकसभा चुनाव तथा उसके बाद ईद उल अजहा का त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद आधा दर्जन थानेदारों को इधर से उधर कर दिया है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने सर्विलांस सेल के प्रभारी मनोज कुमार चाहल को बड़ौत कोतवाली का प्रभारी बनाया है जबकि अब तक बड़ौत कोतवाली के प्रभारी रहे संजय कुमार शर्मा को अपराध शाखा भेजा गया है। इसी तरह बागपत कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा को सर्विलांस सेल का प्रभारी बनाया गया है। जबकि अपराध शाखा से दीक्षित कुमार त्यागी को बागपत कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह महिला थाना की प्रभारी मनु सक्सेना को उनके पद से हटकर महिला थाना में ही तैनात किया गया है। फिलहाल महिला थाना की बागडोर अभी तक किसी को नहीं सौंपी गई है।
दूसरी ओर, सर्विलांस सेल से संजय कुमार को चांदीनगर का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह सिंघावली अहीर थाना के प्रभारी एमएस गिल को बिनौली थाना की बागडोर सौंपी गई है तो अब तक बिनौली थाना के प्रभारी रहे महेंद्र पाल सिंह को रमाला थाना का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। जबकि रमाला थाना के प्रभारी शिव दत्त को सिंघावली अहीर थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।

