- हत्या की वारदात से इलाके में मची भगदड़, पुलिस मौके पर
- हवा में हथियार लहराते हुए हमलवार मौके से फरार, मची रही अफरा-तफरी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लोहिया नगर थाना के चमड़ा पैंठ में जाकिर कालोनी इलाके में कपड़ा कारोबारी को सरेआम गोली से उड़ा दिया। ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका थर्रा उठा। इस दौरान हमलावरों ने जबरदस्त फायरिंग की। फायरिंग के दौरान लोग जान बचाकर वहां से भागने लगे। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। हत्या की वारदात को अंजाम देकर हमलवार हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं, दूसरी ओर हत्या की वारदात से कपड़ा कारोबारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हत्या की सूचना पर सीओ कोतवाली व इंस्पेक्टर लोहिया नगर मयफोर्स के पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार लोहिया नगर जाकिर कालोनी गली नंबर-11 निवासी अनीस पत्र यामीन कपड़ों का कारोबार करते हैं। शनिवार रात करीब 10 बजे वह भतीजे फुरकान के साथ गाड़ी से जा रहे थे। उसी दौरान जाकिर कालोनी गली नंबर-9 निवासी इमरान पुत्र इरशाद बाइक से जा रहा था। बताया जाता है कि इमरान की बाइक व अनीस की कार आपस में टच हो गयीं। इसी बात को लेकर उनके बीच बहस होने लगी। लोगों ने बताया कि बहस के दौरान इमरान ने कॉल कर कुछ लोगों को बुला लिया। वहां दर्जन भर लोग आ धमके। उन्होंने आते ही कार सवार अनीस को घेर लिया।
अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली अनीस की आंख पर जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर जा गिरा। उसके गिरने के बाद भी वहां कई राउंड फायर किए गए। गोली चलाने वाले हवा में हथियार लहराते हुए भाग निकले। अनीस पर हमले की खबर मिलते ही गली नंबर-11 से रोते बिलखते हुए उसके परिजन वहां आ गए। सड़क पर पडेÞ अनीस को उठाकर वो तुरंत ही एक निजी नर्सिंगहोम में लेकर गए। जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अनीस के परिवार में पत्नी साजिदा के अलावा दो बेटे व दो बेटियां हैं।
हत्या की वारदात से पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ परिवार वाले थाना लोहिया नगर जा पहुंचे। वहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि इस विवाद की असली वजह कारोबारी की स्कूटी का हत्यारोपी के घर के सामने खड़ा किया जाना है। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी हो गयी थी।
सीओ और इंस्पेक्टर मौके पर, हत्यारोपियों के यहां दबिश
हत्या की वारदात की सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार व इंस्पेक्टर लोहिया नगर संजय पांडेय मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गली नंबर-9 में रहने वाले हत्यारोपी के यहां दबिश दी, लेकिन वहां कोई पुरुष नहीं मिला। केवल महिलाएं मिलीं। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर चली गयी।

