- बुनकर नगर में आरोपियों के रिश्तेदार के घर पर की जमकर फायरिंग
- पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लिसाड़ीगेट के बुनकर नगर इलाके में सोमवार सुबह छेड़खानी की घटना को लेकर आरोपियों के मकान पर पीड़ित किशोरी के भाइयों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग से घनी आबादी वाले इस इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं वर्ना बवाल होने का पूरा डर था। छेड़खानी की घटनाओं को लेकर शहर में पहले भी वबाल हो चुके हैं। वहीं, दूसरी ओर बुनकर नगर में छेड़छाड़ को लेकर हुई फायरिंग से बवाल की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि पुलिस ने कठोर कार्रवाई करते हुए 307 की धारा में लिखा पढ़ी की है।
बुनकर निवासी एक किशोरी से पड़ोस में रहने वाले दो युवक छेड़खानी किया करते थे। 20 दिन पहले भी उन्होंने छेड़खानी की थी। तब आरोपी के खिलाफ किशोरी के परिजन तहरीर देने थाने पहुंच गए थे, लेकिन मोहल्ले वालों के समझाने बुझाने पर वो तहरीर न देने को राजी हो गए थे। बताया जाता है कि आरोपी युवकों के चाचा इरफान ने ही समझौता कराया था। पुलिस का कहना है छेड़खानी की घटना में समझौते करने को लेकर आस पड़ोस वाले अब किशोरी के भाइयों को उलाहना दे रहे थे।
पुलिस का यह भी कहना है कि लोगों के उकसाने के बाद ही फैजान व गुड्डू ने समझौता कराने वाले इरफान के मकान पर फायरिंग कर दी थी। लिसाड़ीगेट पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। छेड़खानी को लेकर फायरिंग की घटना कोई पहली बार नहीं हुई। पहले भी ऐसी घटनाएं होती रही है। लिसाड़ी गेट क्षेत्र ऐसे मामलों को लेकर बदनाम रहा है।
ये हैं शहर में छेड़छाड़ की प्रमुख घटनाएं
- रशीद नगर इलाके में छेड़खानी को लेकर फायरिंग।
- समर गार्डन में छेड़खानी को लेकर फायरिंग, एक को जेल।
- श्यागनगर गली नंबर-10 में फायरिंग को लेकर फायरिंग व समझौता।
- श्याम नगर हरि का पुल इलाके में छेड़खानी को लेकर फायरिंग।
- परीक्षितगढ़ थाना के सोना गांव में आठ साल की किशोरी से छेड़खानी को लेकर हंगामा। पुलिस पर आरोपी को हिरासत में लेकर छोड़ने का आरोप। परिजन एसएसपी से मिले।
फायरिंग का आरोपी फैजान मुठभेड़ में घायल
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े युवती से छेड़छाड़ के आरोपी के घर पर फायरिंग करने के आरोपी फैजान से देर रात पुलिस की मुठभेड़ हुई। इसमें फैजान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी फायरिंग के बाद तमंचा लेकर भागता हुआ सीसीटीवी में कैद हुआ था। इसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बुनकर नगर निवासी एक युवती से पड़ोस में रहने वाला युवक लगभग 20 दिन से छेड़छाड़ कर रहा था। बताया गया है कि पीड़िता के परिवार ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी थी, लेकिन आरोपी की अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
इससे गुस्साए फैजान और उसके भाई गुड्डू समेत तीन आरोपियों ने आरोपी के घर पर सोमवार सुबह फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी तमंचा लेकर भाग गए। आरोपी फैजान का तमंचा लेकर भागते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। सोमवार देर रात पुलिस ने आरोपी आमिर गार्डन के पास घेर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में फैजान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, बाइक बरामद की गई है। फरार आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
इमरान को लगी गोली, फुरकान गिरफ्तार
बहुचर्चित अनीस हत्याकांड के आरोपी इमरान को पुलिस मुठभेड़ में गोली लग गयी। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में बीते शनिवार शाम घर के बाहर स्कूटी खड़ी करने के विवाद में कपड़ा कारोबारी अनीस की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सोमवार को पुलिस की बाजोट में मुख्य आरोपी इमरान से मुठभेड़ हो गई। आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास एक तमंचा कारतूस और बाइक बरामद की हैं। जाकिर कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय अनीस मलिक पुत्र यासीन मलिक भोपाल में कपड़े का कारोबार करते थे। बकरीद पर वह घर आए हुए थे।
शनिवार शाम चचेरे भाई फुरकान की बाइक घर के बाहर खड़ी होने को लेकर अनीस की पड़ोसी आरिफ से कहासुनी और मारपीट हो गई थी। तब आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। कुछ देर बाद अनीस चचेरे भाई फुरकान के साथ नूर इब्राहिम मस्जिद के पास पहुंचे। आरिफ, फुरकान, रिजवान, इरफान, सेयद जफर मेहंदी, इमरान, साद, फरहान आदि ने अनीस को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली लगने से अनीस घायल हो गया। सूचना पर अनीस का भाई नफीस मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने उस पर भी गोली चलाई। हालांकि फायर मिस होने के कारण नफीस की जान बच गई।
अनीस के भाई नफीस की ओर से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उधर, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना हैं कि आरोपी इमरान से पुलिस से मुठभेड़ में घायल हुआ है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने आठ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि जो तहरीर दी गयी थी, उसी के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

