- दोबारा न हो पांच कांवड़ियों की मौत जैसा दुखद हादसा
- एसी आफिस छोड़कर कांवड़ मार्ग पर एक-एक लाइन और खंभा करें चेक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कांवड़ यात्रा के दौरान पिछले साल हुए हादसों से सबक लेते हुए इस साल पूरा पावर महकमा हाईअलर्ट पर हैं। याद रहे कि पिछले साल कांवड़ यात्रा के दौरान भावनपुर थाना क्षेत्र में हाइटेंशन तारों की चपेट में आकर पांच कांवड़ियों की मौत हो गयी थी। डीजीपी व मुख्य सचिव ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के दौरान हाइटेंशन तारों, बिजली के खंभों को लेकर भी निर्देश दिए थे। उसके पीवीवीएनएल एमडी ईशा दुहन के मेरठ समेत सभी 14 जनपदों में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर अफसरों को आॅफिस छोड़कर लाइनों के चेकिंग के आदेश दिए हैं।
इसी क्रम में मेरठ व बागपत जनपद में हाइटेंशन तारों व बिजली के खंभों की मौके पर पहुंचकर सघन चैकिंग के शुरू कर दी गयी है। एक्सईएन सरीखे महकमे के अफसर कांवड़ यात्रा मार्ग पर बिजली के तारों व खंभों की जांच पड़ताल कर रहे हैं। एक्सईएन मुकेश कुमार ने मंगलवार को जानी थाना इलाके में पड़ने वाले कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। यहां उनके साथ एसडीओ ज्योति समेत विश्वकर्मा का पूरा स्टॉफ शामिल रहा। एक्सईएन ने कहा कि जितने भी बिजली के खंभे हैं। उनको चेक करने के बाद नीचे की तरफ नीची पन्नी बांध दी जाए। उन्होंने पूरे कांवड़ के पूरे रूट पर खंभों की स्थिति का भी जायजा लिया। जो खंभे जर्जर हो गए हैं,
उन्हें बदलवाया जाएगा या फिर मजबूती के लिए नीचे से वैल्डिंग की जाएगी। कांवड़ यात्रा मार्ग पर तमाम हाइटेंशन तारों की चेकिंग की जा रही है। जहां भी हाइटेंशन ठीले होकर लटक रहे हैं, उनको शटडाउन लेकर तमाम एक्सईएन अपने इलाकों में टाइट करा रहे हैं। पीवीवीएनएल चीफ खुद इस कार्य को वॉच कर रहे हैं। चीफ धीरज सिन्हा ने बताया कि बारिश के दिनों में वैसे भी पूरा स्टॉफ अलर्ट रहता है। क्योंकि इन दिनों में कई बार तकनीकि कारणों के चलते करंट खंभों में व जमीन में उतर आता है। जहां पानी भरा होता है वहां खंभों व ट्रांसफार्मरों व उपभोक्ताओं की लापरवाही के चलते भी कई बार पानी में करंट आ जाता है। यह एक रूटीन प्रक्रिया है।
इन दिनों में पीवीवीएनएल का फील्ड स्टॉफ वैसे ही अलर्ट रहता है। संयोगवंश कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है। इसी वजह से अतिरिक्त सुरक्षा व चौकसी बरती जा रही है। सुरक्षा के संदर्भ में उपकरणों व स्टॉफ की कोई कमी नहीं है। यहां उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले एमडी पीवीवीएनएल ईशा दुहन ने मीडिया की मार्फत सभी बिजली उपभोक्ताओं से बिजली उपकरणों को यूज करने के मामले में सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि घर में जो भी बिजली उपकरण यूज करें वो अच्छी क्वालिटी के होने चाहिए। हादसे की दशा में तत्काल बिजली विभाग को सूचना दें।
दहेज उत्पीड़न के दोषी को एक साल की कैद
मेरठ: दहेज उत्पीड़न के आरोपी को आखिर 12 साल बाद कोर्ट ने दोषी करार देते हुए एक साल की सजा व दो हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। गौरतलब है कि 12 साल पहले 16 अप्रैल 2012 को जॉनी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव के रहने वाले दिनेश वर्मा पुत्र कृष्ण कुमार निवासी के खिलाफ नरेंद्र वर्मा पुत्र बालेश्वर वर्मा निवासी गीतांजलि विहार लोनी जिला गाजियाबाद ने पुत्री प्रीति वर्मा को दहेज की मांग कर प्रताड़ित करने व मारपीट करने का मुकदमा महिला थाना मेरठ में दर्ज कराया था। मामले को लेकर एसएसपी ने खुद भी इसे महिला उत्पीड़न मानते हुए पीड़िता को इंसाफ दिलाने के लिए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये थे। जिसके बाद महिला थाने की पैरोकार संगीता ने आरोपी को सजा दिलाने के लिए पूरी मेहनत से मुकदमे में पीड़ित पक्ष की ओर से साक्ष्य व गवाह आदि पेश किये। अब 12 साल बाद अपर सिविल जज न्यायालय दो ने अभियुक्त को धारा 498ए भादवि में एक वर्ष के कारावास व दो हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है।

