- 20 लाख रुपये को लेकर था विवाद, मृतका मांग रही थी हिस्सा
जनवाणी संवाददाता |
दौराला: रूहासा गांव में बिकी दो बीघा जमीन के 20 लाख रुपयो को लेकर भाई-बहन में विवाद हो गया। जिस पर भाई ने दीवान बैड पर लेटी बहन की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी बहन को मौत के घाट उतारकर पत्नी संग भाग निकला। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी, सीओ दौराला ने परिजनों से जानकारी ली।
रूहासा निवासी 75 वर्षीय किसान महावीर ने एक दिन पूर्व अपनी सात बीघा जमीन में से दो बीघा जमीन 20 लाख रुपये में बेची थी। जिसके चलते किसान की बेटी 53 वर्षीय रीटा पत्नी बिल्लू उर्फ सुनील निवासी गांव दोघट कस्बा बड़ोत जिला बागपत वर्तमान निवासी महरौली वेव सिटी जिला गाजियाबाद सोमवार को रूहासा आई थी। जमीन के रुपयों को लेकर रीटा का छोटे भाई अरविंद उर्फ नीटू से विवाद हो गया।
मंगलवार सुबह विवाद के चलते दोनों भाई बहनों में कहासुनी हो गई। जिस पर अरविंद खेत पर चला गया। लगभग 10 बजे अरविंद स्कूटी पर सवार होकर घर पहुंचा और कुल्हाड़ी से बेड पर लेटी बहन पर ताबड़तोड़ वार कर पत्नी संग फरार हो गया। परिजन आनन फानन में घायल महिला को लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की।
मौके पर पहुंचे एसपी सिटी आयुष विक्रम और सीओ दौराला सुचिता सिंह ने जानकारी ली। सूचना मिलने पर मृतका की दो बेटियां भाविका, दीपाली और बेटा रूद्राक्ष मौसी अनिता के घर रूहासा पहुंचे। मृतका के पिता ने बेटे अरविंद के खिलाफ तहरीर दे दी है।

