- अलकनंदा नदी में बहे दोनों, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
जनवाणी संवाददाता |
लावड़: बद्रीनाथ कांवड़ लेने गए कस्बे के एक युवक की हादसे में मौत हो गयी। साथ गया दूसरा युवक भी लापता है। युवकों की बाइक पहाड़ी रास्ते पर एक पत्थर से टकरा गई थी। परिणाम स्वरूप दोनों अलकनंदा नदी में जा गिरे। नदी के तेज बहाव में दोनों बहते चले गए। एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है। दूसरे की तलाश अभी जारी है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कस्बे के मोहल्ला सैनियान निवासी 22 वर्षीय राजू सैनी पुत्र महेंद्र तहेरे भाई मलकपुर निवासी ऋतिक व दो अन्य रिश्तेदारों के साथ 27 जुलाई की शाम दो बाइक से बद्रीनाथ कांवड़ लेने गया था। उत्तराखंड से यहां मिली जानकारी के मुताबिक चमोली बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग छिनका स्लाइड जोन के समीप पहाड़ी से एक पत्थर गिरकर बाइक से टकरा गया। जिसके चलते बाइक सवार राजू सैनी व ऋतिक छिटककर अलकनंदा नदी में जा गिरे। दूसरी बाइक पर आगे निकले साथियों ने काफी देर तक इंतजार किया। राजू व ऋतिक के न पहुंचने पर जब वापस पहुंचकर जानकारी की तो उन्हें इस दुखद हादसे की जानकारी मिली।
उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। वहीं, दूसरी ओर दो युवकों के अलकनंदा नदी में गिरने की सूचना पर पुलिस ने रात में ही सर्च अभियान चलाया, लेकिन बारिश के चलते अभियान रोकना पड़ा। जब यहां इस हादसे की जानकारी मिली तो लावड़ से परिजन भी घटनास्थल की तरफ रवाना हो गए। शनिवार को सर्च अभियान के दौरान लावड़ निवासी राजू सैनी का शव अलकनंदा के रास्ते में एक किनारे से बरामद हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं दूसरे युवक ऋतिक की तलाश में सर्च अभियान जारी है।
15 वर्ष पूर्व लावड़ आकर बसा था राजू का परिवार
राजू सैनी के पिता महेंद्र मूलरूप से हापुड़ जिले के मलकपुर के रहने वाले हैं। लगभग 15 वर्ष पूर्व वह अपने परिवार के साथ लावड़ कस्बे के मोहल्ला सैनियान में आकर बस गए। महेंद्र ट्रक चलाते हैं तथा चीनी मिल में गन्ना डालने का कार्य करते हैं। राजू सैनी राज मिस्त्री का कार्य करता था। राजू पांच भाई बहनों में दूसरे नम्बर का था। उसकी मौत से मां मुनेश, भाई-बहनों व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री ने दी सांत्वना
राजू सैनी की मौत की जानकारी मिलने पर शनिवार शाम पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान उसके आवास पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया तथा हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

