- नाती ने चेकिंग कर रही महिला सिपाही को उड़ाया, गिरफ्तार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बसपा नेता व पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की फैमिली एक बार फिर मुसीबत में नजर आ रही है। इस बार मुसीबत का सबब हाजी याकूब का नाती अब्दुल समद उर्फ साद बना है। साद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने काम ही गिरफ्तारी वाला किया है। उसके खिलाफ सरकारी काम में बाधा तथा एक महिला सिपाही को बाइक से टक्कर मारकर घायल करने का आरोप है। यह घटना रविवार रात की है।
पूरे शहर में पुलिस का चेकिंग अभियान चल रहा था। हापुड़ स्टैंड चौराहे पर थाना एएचटीयू की महिला सिपाही जोहरा परवीन डयूटी पर थीं। वो आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर अब्दुल समद उर्फ साद वहां पहुंचा। उसकी बाइक पर पीछे एक अन्य युवक अरशद बैठा था। उसको रोकने का इशारा किया, लेकिन बजाए चेकिंग के रोकने के लिए आरोप है कि साद महिला सिपाही जोहरा परवीन को टक्कर मारता हुआ बैरियर तोड़कर वहां से फरार हो गया। हादसे की जानकारी जब अधिकारियों को मिली तो हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने घायल सिपाही जोहरा परवीन को अस्पताल में भर्ती कराया। उनके चेहरे पर काफी चोटें आयी हैं। सीओ सिविल लाइन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। याकूब कुरैशी की फैमिली इन दिनों परेशानी से घिरी नजर आ रही है। अभी फर्जी पासपोर्ट पर देश छोड़ने को लेकर याकूब कुरैशी के पुत्र फिरोज भूरा का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब साद की कारगुजारी सामने आ गयी।
दो साल की मासूम पर खौलता दूध फेंका
लोहिया नगर थाना क्षेत्र की एमडीए कालोनी में दो साल की मासूम पर खौलता दूध फेंक दिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। खुद को शिवसेना का नेता बताने वाले आरोपियों को जब पता चला कि पीड़ित परिवार उनके खिलाफ थाना लोहिया नगर में तहरीर गया तो वो लोग वहां भी पहुंच गए और पुलिस के सामने ही धमकाने लगे। लोहिया नगर के एमडीए कालोनी में अंजुम पत्नी आसमोहम्मद का परिवार रहता है। सोमवार को अंजुम की सास जैनब की पड़ोस में रहने वाली महिला से कुछ कहासुनी हो गई।
कहासुनी मारपीट व बडेÞ झगडेÞ में बदल गयी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले परिवार के लोग जैनब को बुरी तरह पीटने लगे। शोर सुनकर अंजुम बाहर की ओर दौड़ी, उसने किसी प्रकार अपनी सास को बचाया तो उस पर भी हमला बोल दिया। उसके गले व शरीर के दूसरे हिस्सों पर मारपीट के गहरे निशान हैं। जिस वक्त दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हो रहा था वहां पर अंजुम की दो साल की मासूम बेटी सुमैय्या भी खड़ी थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला ने सुमैय्या पर खौलता हुआ दूध फेंक दिया। वह बुरी तरह से घायल हो गयी।
परिवार वाले समुैय्या को उठाकर तेजी से पास के एक प्राइवेट डाक्टर के यहां पहुंचे। वहां उसका इलाज कराया। मारपीट में परिवार के जो दूसरे लोग जख्मी हो गए थे। उनका भी इलाज कराया। घटना को लेकर अंजुम ने आरोपियों के खिलाफ थाना लोहिया नगर पर तहरीर दी है। उसने बताया कि जब पड़ोसियों को तहरीर की बात पता चली तो वो थाना लोहिया नगर आ धमके और उसको थाने में भी पुलिस वालों के सामने खूब धमकाया। पुलिस ने तहरीर ले ली है। मामले की जांच की जा रही है।

