- आज दो घंटे पहले शुरू हो जाएगी नमो भारत, फेरे भी बढ़ाए जाएंगे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भैयादूज के मौके पर सवारी को लेकर हायतौबा की कोई जरूरत नहीं है। न ही सवारी की टेंशन करने की क्योंकि नमो भारत ट्रेन की सेवाएं भैयादूज के अवसर पर रविवार को नियमित समय से पहले आरंभ की जाएंगी। एनसीआरटीसी ने भैयादूज के मद्देनजर यह निर्णय लिया है, ताकि आने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा व सहूलियत मिल सके। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन सेवाएं रविवार को सुबह 8:00 बजे के बजाय सुबह 6:00 बजे से संचालित की जाएंगी। यह रात 10:00 बजे तक जारी रहेंगी।
आमतौर पर, नमो भारत ट्रेन सोमवार से शनिवार तक सुबह 6 बजे और रविवार को सुबह 8 बजे से संचालित होती है। यात्रियों की अनुमानित संख्या को ध्यान में रखते हुए, आवश्यकता पड़ने पर ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं, ताकि सभी के लिए एक सहज और आरामदायक यात्रा का अनुभव सुनिश्चित हो सके। प्रत्येक नमो भारत ट्रेन में सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महिला कोच उपलब्ध है, जो मेरठ की ओर यात्रा करते समय दूसरा कोच है, जबकि दिल्ली की दिशा में दूसरे-से-अंतिम कोच है।
इसके अतिरिक्त सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए अन्य कोचों में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें उपलब्ध हैं। सभी नमो भारत ट्रेनें और स्टेशन सार्वभौमिक रूप से सुलभ हैं, जो अलग-अलग जरूरत वाले यात्रियों के लिए एक सहज और समावेशी यात्रा अनुभव सुनिश्चित करते हैं। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों ने हाल ही में संचालन का एक वर्ष पूरा किया है। साहिबाबाद से मेरठ साउथ के बीच नौ स्टेशनों को जोड़ने वाले 42 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर 40 लाख से अधिक यात्रियों ने अभी तक नमो भारत ट्रेन सेवा का आनंद लिया है।
ये कॉरिडोर जल्द ही साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर सेक्शन सेक्शन के जुड़ने के साथ 54 किलोमीटर तक विस्तारित होने वाला है, जिसके लिए वर्तमान में ट्रायल रन जारी हैं। इस विस्तार में आनंद विहार और न्यू अशोक नगर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं, जिससे कनेक्टिविटी और मजबूत होगी और एनसीआर में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक पारगमन विकल्प उपलब्ध होंगे।
संभल कर निकले, बस अड्डे पर रहेगी भीड़
मेरठ: भैयादूज पर रोडवेज व रेलवे विभाग ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। बहनों के लिए रोडवेज बस अड्डों पर अतिरिक्त बसों को लगाया गया है। इसके साथ रेलवे विभाग ने भी बहनों के लिए अतिरिक्त टेÑेनें चलाने का निर्देश जारी किया है। आज भैयादूज का पर्व है। दूरदराज से बहने भाइयों के घर भैयादूज का पर्व करने के लिए आती है। इसके लिए सोहराब गेट, भैंसाली बस अड्डे व सोहराब गेट बस अड्डों पर काफी संख्या में अतिरिक्त बसे लगा दी गई है।
इसके साथ कई बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। जिससे बहनों को भाइयों के घर पहुंचने के लिए दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसके साथ पुलिस प्रशासन ने भी बस अड्डों पर चौकसी बढ़ा दी है। इसके साथ जाम से निपटने के लिए बस अड्डों पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। बस अड्डों पर रोडवेज अधिकारी पल पल की मॉनिटरिंग करते रहेंगे। जिससे पता चल जाए कि किस बस अड्डे पर कौन से रूट की बसों की जरूरत है।

