- सड़क हादसे के दौरान सरधना में दो सगे भाई, सरूरपुर में अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो और खरखौदा में अज्ञात वाहन से कुचलकर एक की मौत
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: मंगलवार को कई परिवारों के लिए अमंगल साबित हुआ। मंगल के दिन अमंगल हो गया और अलग-अलग हुए हादसों में पांच की मौत हो गई। जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। कोहरा लोगों के लिए जानलेवा हो गया है। सोमवार की रात कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी पर अटेरना पुल के निकट अज्ञात वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दो भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ईकड़ी गांव निवासी नीरज पुत्र फकीरचंद तथा जोनी पुत्र सचिन चचेरे भाई थे। सोमवार को वह बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात को दोनों वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान वह जैसे ही कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी पर अटेरना पुल के निकट पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने दोनों को रौंद दिया। हादसे में दोनों भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कोहरे के चलते कई घंटे तक किसी को कुछ पता नहीं चल सका। देर रात राहगीरों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पहले तो शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में शव को सीएचसी भेजा। जहां उनकी जेब से मिले सामान पर पहचान हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। सूचना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव पहुंचे। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
एक साथ दो मौत से गांव में शोक
ईकड़ी गांव के दो भाइयों की एक साथ मौत होने से गांव में शोक की माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को सांत्वना देने के लिए दिन मृतकों के घर लोगों की भीड़ रही।
गर्भवती पत्नी का बुरा हाल
जोनी की पत्नी रेनू पांच माह की गर्भवती है। हादसे की सूचना मिलते ही गर्भवती रेनू बेहोश हो गई। तभी से उसका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, तीन साल की मासूम बेटी नित्या को पता तक नहीं कि उसके सिर से पिता का साया उठ चुका है।
करनाल हाइवे पर रोड़ी पर फिसलकर दर्जनों घायल
कंकरखेड़ा: मेरठ-करनाल हाइवे पर मंगलवार दोपहर रैन बसेरा कालोनी के सामने सरधना की ओर से आ रहे रोड़ी से भरे ट्रक से सड़क के बीचोंबीच रोड़ी गिर गई। सड़क पर पड़ी रोड़ी के कारण वाहन चालक फिसल गये। जिसे करीब दो दर्जन वाहन फिसले और गंभीर रूप से घायल भी हो गई। आसपास के लोगों ने नानू टोल प्लाजा को इसकी सूचना दी, लेकिन कोई भी टोल प्लाजा का कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा और टोल के लोगों ने सड़क पर पड़ी रोड़ी को नहीं हटवाया। जिससे लगातार हादसे होते रहे।
तेज रफ्तार में गई बाइक सवार की जान
सरूरपुर: मेरठ-बड़ौत रोड पर कस्बा खिवाई के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार के कहर में युवक की जान चली गई। हादसे में शाहनवाज (18) पुत्र सरफराज दोस्त समीर पुत्र मोमीन बाइक पर सवार होकर मेरठ किसी काम से जा रहे थे। बाइक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे तेल के टैंकर ने टक्कर मारने के बाद सड़क पर गिरे बाइक सवारों को कुचल दिया। जहां शाहनवाज की मौके पर मौत हो गई। समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक टैंकर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई गई है। मृतक के परिवारों में टैंकर चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
करनाल हाइवे पर किसान की मौत
सरूरपुर: मेरठ-करनाल हाइवे पर मंगलवार सुबह कोहरे के चलते भीषण हादसा हो गया। कोहरे के कारण आपस में कई गाड़ी टकरा गई। हादसे में एक किसान मौत हो गई। गांव गोटका निवासी किसान सुखवीर सिंह (58) पुत्र बल्लू मंगलवार सुबह भैंसा-बुग्गी लेकर खेत जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह गोटका गांव के बाहर हाइवे पर पहुंचा तो तेज रफ्तार बोलेरो की बुग्गी की पीछे टक्कर लग गई।
कार की टक्कर लगने से किसान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि किसान के भैंसा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने घायल को उपचार के लिए सरधना अस्पताल के भर्ती कराया। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। गनीमत रही कि बोलेरो के पीछे चल रहे ट्रकों की रफ्तार कम थी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आपस में टकराये वाहनों में अलग-अलग आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
यात्रियों से भरी बस के टायर में लगी आग
सरूरपुर: मेरठ-करनाल हाइवे पर भूनी टोल प्लाजा के पास यात्रियों से भरी चलती बस के टायर में अचानक से आग लग गई। टायर में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार एक डबल डेगर बस कानपुर से पंजाब की ओर जा रही थी। जैसी ही बस भूनी टोल प्लाजा के पास पहुंची तो उसके ब्रेक शू की वजह से टायर में आग लग गई। टायर में धुआं उठता देख बस में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने बस से नीचे उतर कर जान बचाई।
सड़क दुर्घटना में अज्ञात अधेड़ की मौत
खरखौदा: सोमवार देर रात में घने कोहरे के चलते मेरठ-बुलंदशहर हाइवे मार्ग पर धनौटा स्थित लोहिया फार्म हाउस के निकट किसी वाहन की चपेट में आकर अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। सफेद व हल्के काले रंग की चेकदार कमीज के नीचे गोल गले की फुल बाजू की गुलाबी टी शर्ट, मटमेले रंग की पेंट, ग्रे कलर का नेकर पहने हुए था। तलाशी लेने पर मृतक की जेब से नौ हजार रुपये की नकदी मिली शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोहरे में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार
सरधना: कोहरे ने जमकर कहर बरपाया। खिर्वा रोड पर कोहरे के चलते अनियंत्रित हुई ईको कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दौराला थाना क्षेत्र के समौली गांव निवासी उम्मेद पुत्र राजपाल तथा नीरज पुत्र राजकुमार सोमवाररात मेरठ से लौट रहे थे। इस दौरान वह जैसे ही खिर्वा रोड पर पेट्रोल पंप के निकट पहुंचे तो कोहरे के चलते चालक नीरज को कुछ नजर नहीं आया। कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक नीरज व उम्मेद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों को भी चोट आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देखते मेरठ रेफर कर दिया।
बाइक फिसलने से सभासद घायल
लावड़: कस्बे के वार्ड-7 के सभासद आरिफ फैजी बाइक फिसलने के चलते सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय चिकित्सक से उन्हें उपचार दिलाया गया। मंगलवार को सभासद आरिफ फैजी अपने भांजे के साथ बाइक पर सवार होकर महलका गए थे। वापस लौटने के दौरान बाइक फिसलने से सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उनके हाथ में चोट लगी है। उन्हें लावड़ कस्बे में निजी चिकित्सक से उपचार दिलाया गया। वहीं, गनीमत रही कि सड़क पर गिरने के दौरान कोई अन्य वाहन सड़क से नहीं गुजर वरना बड़ा हादसा भी हो सकता था।

