जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: परतापुर थना क्षेत्र के रिठानी में चोरों ने रिटायर्ड दारोगा के घर दावा बोल दिया। चोर 18 तोला के सोने के आभूषण के अलावा सवा लाख रुपये की नकदी ले उड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। साथ ही, आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए।
गांव रिठानी दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड दरोगा रामपाल पुत्र रतन सिंह रहते हैं। शनिवार को रामपाल पत्नी मुनेश के साथ गांव डाबका में साढू के घर गए थे। इसी बीच चोरों ने रात में मकान का ताला तोड़कर सेफ में रखे लगभग 18 तोला सोने के आभूषण और सवा लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना का पता रविवार सुबह उस समय चला जब रिटायर्ड दारोगा के भाई धर्मपाल ने रामपाल के घर का ताला टूटा देखा। इस पर उसने अपने भाई को मामले की जानकारी दी। इस पर रिटायर्ड दारोगा और उसकी पत्नी घर पहुंचे, जहां उन्होंने कमरे में रखी सेफ का लॉकर टूटा देखा। साथ ही, सेफ और घर का अन्य सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इस पर रिटायर्ड दारोगा रामपाल ने घटना की सूचना परतापुर थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह बिष्ट पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगली। थाने पर रिटायर्ड दारोगा रामपाल सिंह ने तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि चोर स्थानीय हो सकते हैं। उधर, रामपाल ने बताया उसका बेटा नोएडा में नौकरी करता है। दो महीने पहले ही उसकी शादी की थी। शादी की ज्वैलरी घर की सेफ में रखी थी। दूसरी ओर, परतापुर थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह बिष्ट का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।
सोना लेकर फरार कारीगर पश्चिमी बंगाल से गिरफ्तार, जेल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सराफा बाजार से दुकानदारों का 230 ग्राम सोना लेकर फरार हुए बंगाल के कारीगर को पुलिस और सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से पुलिस ने 179 ग्राम सोना बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर मेरठ ले आई। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी बंगाल के जिला हुगली के थाना पुरसुरा, तारकेश्वर निवासी प्रोविर मंडल पुत्र मानिक वर्तमान में शहर के कागजी बाजार स्थित कांति कांप्लेक्स में सोने के जेवरात बनाने का कार्य कर रहा था। प्रोविर मंडल के खिलाफ गत तीन मार्च को दिलीप सिंह की तहरीर पर 22 लाख रुपये कीमत का 230 ग्राम सोना लेकर फरार होने पर अमानत में खयानत का मुकदमा देहली गेट थाने पर दर्ज किया गया था। एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए देहली गेट थाना पुलिस तथा सर्विलांस की टीम को दिए थे।
एसपी सिटी ने बताया कि वांछित अभियुक्त प्रोविर को पश्चिमी बंगाल के कस्बा आरमबाग से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर ट्रांजिट रिमांड पर मेरठ लाया गया। पुलिस ने प्रोविर मंडल के कब्जे से 164 ग्राम सोना उसके घर पश्चिम बंगाल से तथा 15.040 ग्राम सोना उसकी निशानदेही पर थानाक्षेत्र ब्रहमपुरी स्थित उसके मकान से बारामद किया है। इस तरह लगभग 17 लाख रुपये कीमत का 179.040 ग्राम सोना बरामद किया गया। आरोपी प्रोविर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपी को पश्चिमी बंगाल में उसके घर से गिरफ्तार करने पहुंची टीम मेें सब इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार, अंकित कुमार, सर्विलांस प्रभारी मुनेश बाबू, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, मनोज कुमार तथा सर्विलांस टीम के हेड कांस्टेबल राहुल चौधरी शामिल रहे।
50 लाख का सोना लेकर फरार होने का था दावा
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय आनंद अग्रवाल ने गत तीन मार्च को दावा किया था कि प्रोविर मंडल और उसका साला लगभग एक दर्जन सराफाओं का लगभग 50 लाख रुपये का सोना लेकर फरार हुआ है। इतना ही नहीं, तीन सर्राफ के नाम भी सामने आए थे। इनमें तपन मन्ना का 10 लाख रुपये का 105 ग्राम सोना, दिलीप सिंह का करीब 24 लाख रुपये का 250 ग्राम सोना तथा बसार खान का 6.5 लाख रुपये का 64.080 ग्राम सोना तथा सपन चक्रवती का 25 ग्राम सोना लेकर भागने का दावा किया गया था।

