नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक और पद्मश्री सम्मानित गुरदास मान के छोटे भाई गुरपंथ मान का सोमवार शाम निधन हो गया। उन्होंने मोहाली के एक प्राइवेट अस्पताल में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि वे पिछले दो महीनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज चल रहा था।
दो महीने से बीमार थे गुरपंथ मान
पिछले दो महीनों से बीमार चल रहे गुरपंथ मान की सेहत में पिछले कुछ दिनों से सुधार देखने को मिल रहा था। जानकारी के मुताबिक, उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई थी। लेकिन सोमवार शाम करीब पांच बजे अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई और उन्हें फिर से अस्पताल ले जाया गया। वहां तुरंत उनका इलाज भी शुरू हो गया, लेकिन फिर भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कहां होगा अंतिम संस्कार
गुरपंथ सिंह मान मूल रूप से गिद्दड़बाहा के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, गुरपंथ मान कमीशन एजेंट के तौर पर काम करते थे। गुरपंथ मान के जाने के बाद अब उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बच्चे, एक बेटी और एक बेटा है। उनके दोनों बच्चे विदेश में रहते हैं। गुरपंथ गुरदास के छोटे भाई थे। उनका अंतिम संस्कार आज मंगलवार को चंडीगढ़ में किया जाएगा। परिवार ने जानकारी दी है कि अंतिम संस्कार में मान परिवार के सदस्य और उनके करीबी दोस्त शामिल होंगे।

