जनवाणी संवाददाता |
लावड़: किसी भी वाहन को चलाने के लिए र्इंधन जरूरी होता है। इसमें कोई मिलावट हो जाए तो यह वाहन के लिए खतरनाक हो सकता है। जनता को मिल रहे महंगे पेट्रोल-डीजल पर मिलावट का खेल भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। मिलावटी ईंधन से सीधा नुकसान वाहन के इंजन पर होता है, जिसका भार वाहन मालिक को भुगतना पड़ता है। पेट्रोल-डीजल में मिलावट से जुड़ा ऐसा ही एक मामला सामने आया है। कस्बा स्थित पेट्रोल पंप पर एक बार फिर पेट्रोल में पानी निकालने के बाद हंगामा हुआ। जिसके बाद पंप मालिक में ग्राहक को पेट्रोल देकर गाड़ी ठीक कराने की बात कही। इंचौली थाना क्षेत्र के लावड़ कस्बे में स्थित हमारा पेट्रोल पंप अक्सर चर्चाओं में रहता है। घटतोली और पेट्रोल में मिलावट को लेकर इस पेट्रोल पंप पर कई बार आपूर्ति विभाग की ओर से कार्रवाई भी हो चुकी है।
कस्बे के मोहल्ला ईदगाह मार्ग निवासी इमरान ने कस्बे के हमारा पेट्रोल पंप के कर्मचारियों पर पानी मिला पेट्रोल देने का आरोप लगाया। पीड़ित ने पेट्रोल पंप पर हंगामा किया। हंगामा होते देख पेट्रोल पंप संचालक ने दोबारा पेट्रोल देकर पीड़ित को शांत कराया। पीड़ित इमरान ने जानकारी देते हुए बताया कि वह बाइक में दौराला मार्ग स्थित आरामशीन के पास बने पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेने गया था। बाइक में तेल डलवाने के बाद बाइक कुछ दूर चलने के बाद बंद हो गई।
इस पर उसने टंकी से पेट्रोल बोतल में निकाला तो उसमें पानी मिला हुआ था। पीड़ित बोतल लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचा, परंतु कर्मियों ने पानी नहीं मिला होने की बात कहीं, जिस पर इमरान ने पेट्रोल पंप पर हंगामा शुरू कर दिया और पेट्रोल में पानी मिलाकर देने का आरोप लगाया। हंगामा होते देख पेट्रोल पंप संचालक मौके पर पहुंचा और दोबारा पेट्रोल दिया। इमरान पेट्रोल लेकर वापस चला गया और पंप संचालक के खिलाफ अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही। बता दें कि उक्त पेट्रोल पंप पर पानी मिला पेट्रोल देने की शिकायत मिलती रहती है। हंगामा होने के बाद पीड़ित को दोबारा पेट्रोल देकर मामला निपटा दिया जाता है। जब मामले को लेकर पेट्रोल पंप संचालक से बात करने का प्रयास किया गया, मगर संपर्क नही हो सका। वहीं, मामले में पूर्ति विभाग के निरीक्षक दिनेश चंद्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। टीम बनाकर जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोल लेने वाले ग्राहकों की लाइन, एक पर भी हेलमेट नहीं
सरकार के सख्त आदेश के बाद जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को कड़ी हिदायत दी है कि किसी भी वाहन स्वामी को बिना हेलमेट पेट्रोल ना दिया जाए। सभी पेट्रोल पंप संचालकों ने अपने-अपने पेट्रोल पंपों पर पोस्ट पर स्लोगन लगा दिए हैं कि बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। बावजूद उसके लावड़ स्थित हमारा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने वाले ग्राहकों की लाइन लगी थी और एक भी ग्राहक के सिर पर हेलमेट नहीं था। इससे दिखता है कि यहां जिला प्रशासन के आदेशों को किस तरह ठेंगा दिखाया जा रहा है।

