जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा अफगान की विवाहिता मेहराज (बदला हुआ नाम) ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न और जानलेवा हमले का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष तिवारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मेहराज की शादी तीन साल पहले बेहट थाना क्षेत्र के नगला झंडा निवासी अब्दुल्ला (बदला हुआ नाम) से हुई थी। मायके वालों ने हैसियत से अधिक दहेज दिया, लेकिन ससुराल पक्ष ने कम दहेज का ताना देकर उत्पीड़न शुरू किया। पति, दो ननदें और देवर ने 5 लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग की। मांग पूरी न होने पर मेहराज को बार-बार पीटा गया और घर से निकाला गया। गांववालों के हस्तक्षेप पर समझौते हुए, पर उत्पीड़न जारी रहा।28 जून की रात दहेज की मांग को लेकर पति ने पलकट्टी से मेहराज पर हमला कर दिया।
वार रोकने की कोशिश में उसकी कलाई और सिर पर गहरे जख्म लगे। मोहल्ले वालों के हस्तक्षेप से उसकी जान बची। मेहराज ने देवर पर अश्लील हरकतें करने और धमकियां देने का भी आरोप लगाया। उसने बताया कि उसे भूखा-प्यासा रखा गया और कपड़े तक नहीं दिए गए।थाना बेहट में शिकायत दर्ज न होने पर मेहराज ने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर मेडिकल परीक्षण हुआ और मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जेवरात हड़पने के आरोपों की भी जांच शुरू की है।

