जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में स्थित भानुदा गांव में बुधवार दोपहर अचानक हुए तेज धमाके और आकाश में उठते धुएं के गुबार ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने आसमान में तेज आवाज के साथ कुछ गिरते हुए देखा, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही राजलदेसर थाने से पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल की ओर पहुंच रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हालांकि अब तक किसी विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
सैन्य विमान या ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह किसी सैन्य विमान या ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट के हिस्से के गिरने की घटना हो सकती है। लेकिन सेना और वायुसेना की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ग्रामीणों में दहशत, अफवाहों से बचने की अपील
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए हैं और पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। सेना और एयरफोर्स से भी औपचारिक सूचना ली जा रही है ताकि हादसे की प्रकृति स्पष्ट हो सके।

