नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती घंटों में बीएसई सेंसेक्स 130.92 अंक टूटकर 82,595.72 पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23 अंक की गिरावट के साथ 25,196.90 पर कारोबार करता दिखा। ब्लू-चिप शेयरों में मुनाफावसूली और विदेशी निवेशकों की निरंतर बिकवाली इसका प्रमुख कारण रही। हालांकि, रुपये ने डॉलर के मुकाबले मजबूती दिखाई। शुरुआती कारोबार में रुपया 12 पैसे मजबूत होकर 86.29 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल?
सेंसेक्स में ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस और एक्सिस बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। वहीं टाटा मोटर्स, इटर्नल, सन फार्मा और टाटा स्टील जैसे शेयर लाभ में रहे।
इंफोसिस ने बुधवार को जून तिमाही के नतीजे जारी किए, जिसमें कंपनी का शुद्ध लाभ 8.7% बढ़ा है। हालांकि, मजबूत आय के बावजूद कंपनी ने पूरे वर्ष का राजस्व अनुमान घटा दिया है।
वैश्विक बाजारों का रुख?
एशियाई बाजारों में गुरुवार को तेजी का रुख देखा गया। जापान का निक्केई 225, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार भी बुधवार को मजबूती के साथ बंद हुए।
भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता?
भारत और ब्रिटेन आज लंदन में एक महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर करेंगे। इस समझौते से भारत के चमड़ा, जूते और कपड़ों जैसे श्रम-प्रधान उत्पादों का निर्यात रियायती दरों पर संभव हो सकेगा, जबकि ब्रिटेन से व्हिस्की और कारों का आयात सस्ता होगा। समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार को 2030 तक दोगुना कर 120 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।
विश्लेषकों की राय?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार के अनुसार, “अमेरिका की ओर से व्यापार समझौतों की पहल से टैरिफ युद्ध की चिंताएं कम हो रही हैं। अमेरिका में बेहतर कॉर्पोरेट आय ने बाजार को समर्थन दिया है। इंफोसिस के बेहतर नतीजे आईटी क्षेत्र के लिए राहत भरे हैं।”

