नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। सोना कॉमस्टार (Sona Comstar) के दिवंगत चेयरमैन संजय कपूर की मां रानी कपूर ने कंपनी की 25 जुलाई को प्रस्तावित वार्षिक आम बैठक (AGM) को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की मांग की है। रानी कपूर ने कंपनी बोर्ड को लिखे एक पत्र में आरोप लगाया है कि संजय की मौत ‘संदिग्ध और अचानक’ परिस्थितियों में हुई और ऐसे समय AGM बुलाना बेहद अमानवीय है।
रानी कपूर ने पत्र में क्या लिखा?
रानी कपूर ने पत्र में लिखा है कि उनका परिवार गहरे शोक में है, और इस दौरान AGM का आयोजन असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संजय कपूर की मौत के बाद उन्हें मानसिक रूप से अस्थिर अवस्था में कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया, जिनकी उन्हें अब तक कोई प्रति नहीं दी गई।
‘मैं असहाय और अकेली हूं’
रानी कपूर ने भावुक अंदाज़ में लिखा, “मैं पूरी तरह से असहाय हो चुकी हूं। न तो मेरे पास बैंक खातों तक पहुंच है और न ही कोई सहारा। मेरे पति सुरिंदर कपूर की संपत्ति की मैं एकमात्र उत्तराधिकारी हूं, लेकिन अब कुछ लोग इस दुख की घड़ी में परिवार की संपत्ति पर कब्जा जमाना चाहते हैं।”
उन्होंने कंपनी के कामकाज और फैसलों में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि अगर उन्हें समय रहते सभी जानकारी और दस्तावेज नहीं दिए गए, तो यह एक “स्पष्ट विश्वासघात” माना जाएगा।
संजय कपूर की मौत बनी रहस्य
12 जून 2025 को करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की पोलो खेलते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। हालांकि, रानी कपूर इसे संदिग्ध मान रही हैं और संजय की मृत्यु के बाद उत्तराधिकारी कौन होगा, इस पर अब तक कोई स्पष्टता नहीं है।
परिवार में बढ़ता विवाद?
कपूर परिवार की इस भीतरी कलह और संजय कपूर की संपत्ति को लेकर उठते सवालों ने सोना कॉमस्टार के भविष्य पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कंपनी के निवेशकों और शेयरधारकों के लिए यह स्थिति चिंता का विषय बन चुकी है। अब देखना होगा कि कंपनी बोर्ड AGM को स्थगित करता है या नहीं, और क्या रानी कपूर के आरोपों की कोई कानूनी जांच होती है।

