- बकाया गन्ना भुगतान सहित उठाई किसानों की अनेक समस्याएं
जनवाणी ब्यूरो ।
बिजनौर: राष्ट्रीय लोकदल ने बकाया गन्ना भुगतान सहित किसानों की अनेक समस्याओं को लेकर डीसीओ कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पांच सूत्रीय ज्ञापन राष्ट्रपति को संबोधित डीसीओ को सौंपा गया।
सोमवार को रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी राहुल सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों रालोद पदाधिकारी डीसीओ कार्यालय पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी राहुल सिंह ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, लेकिन सरकार की बेरुखी के कारण किसान आज सर्वाधिक परेशान एवं दुखी हैं।
किसान विरोधी कानून व अपनी जायज मांगों के लिए लाखों किसान ठंड में सड़क पर पड़े हैं। उधन गन्ना किसान भी परेशान हैं, लेकिन सरकार इन सबसे बेखबर है। रालोद ने पांच सूत्रीय ज्ञापन राष्ट्रपति को संबोधित डीसीओ यशपाल सिंह को सौंपा।
ज्ञापन द्वारा मांग की गई कि केंद्र सरकार बेरुखी छोड़ किसानों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर अन्नदाता के जीवन की रक्षा की जाए। गन्ना भुगतान जो बकाया है वह मय ब्याज के तुरंत कराया जाए।
गन्ने का लाभकारी मूल्य निर्धारित कर शीघ्र वर्तमान गन्ना भुगतान कराया जाए। गन्ना आपूर्ति के दौरान ओवर वेट में एक पखवाड़े तक किसान की पर्ची न काटी जाए। गन्ने की पत्ती जलाने के नाम पर किसानों का उत्पीड़न न किया जाए।
धरना प्रदर्शन के दौरान रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी राहुल सिंह के साथ हरपाल सिंह, पूनम चौधरी, बरखा देशवाल, शीला, मुकुल देशवाल, पीतम सिंह, पूर्व सांसद मुंशीराम पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, एमपी सिंह, सुखवीर सिंह, कुलदीप चिकारा, ओमप्रकाश सिंह सहित सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे।

