जनवाणी संवाददाता |
सरधना: हरियाणा सरकार ने राय सोनीपत स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी आफ हरियाणा की कोर्ट का गठन करते हुए खेल जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों, प्रशासकों और शिक्षाविदों का पैनल घोषित किया है। जिमसें मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत तथा बहादरपुर गांव की भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी को भी कोर्ट पैनल का हिस्सा बनाया गया है।
हरियाणा सरकार ने सूची में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित, दो बार एशियाई खेलों के पदक विजेता, मेजर जनरल दीप अहलावत का नाम विशेष रूप से शामिल किया है। खेल प्रशासन, खेल विकास और खिलाड़ियों के संवर्द्धन में उनका दीर्घ अनुभव विश्वविद्यालय की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। कोर्ट में अन्य नामित हस्तियों में डॉ. अशोक शर्मा, प्रोफेसर फिजिकल एजुकेशन एवं रजिस्ट्रार इंचार्ज, सीडीएलयू सिरसा, शिवम शर्मा उप निदेशक एवं क्षेत्रीय निदेशक स्पोर्ट्स अथॉरिटी आॅफ इंडिया, प्रो. कल्पना शर्मा कुलपति एलएनआईपीई ग्वालियर तथा शिव नरेश स्पोर्ट्स प्रा. लि. के निदेशक शिव नरेश सिंह नरेश शामिल हैं। इसके अलावा कई अंतर्राष्ट्रीय दिग्गज खिलाड़ी और कोच भी कोर्ट का हिस्सा बनाए गए हैं।
जिनमें हॉकी की स्टार खिलाड़ी रानी रामपाल एवं सविता पुनिया, ओलंपियन भाला फेंक खिलाड़ी सरधना के बहादरपुर गांव निवासी अन्नू रानी, मुक्केबाज अमित पंघाल, तैराक खजान सिंह, कबड्डी खिलाड़ी साक्षी पुनिया, कुश्ती कोच रामफल मान तथा वरिष्ठ कोच एवं हाई परफॉरमेंस मैनेजर अनिल मलिक शामिल हैं। नियुक्त सदस्य तीन वर्षों के कार्यकाल के लिए अपनी सेवाएँ देंगे। खेल, शिक्षा और प्रशासन में इस व्यापक अनुभव से युक्त पैनल के मार्गदर्शन में हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खेल शिक्षा और उत्कृष्टता का एक प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर होगी। यह जानकारी मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय प्रशासन ने जारी करते हुए हर्ष जताया।

