नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। शनिवार का ‘वीकेंड का वार’ इस बार थोड़ा हटकर रहा। जहां दर्शक सलमान खान के दबंग अंदाज के आदी हैं, वहीं इस हफ्ते उनकी जगह मंच पर नजर आए अक्षय कुमार और अरशद वारसी। दोनों कलाकार अपनी आने वाली फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ के प्रमोशन के लिए शो में पहुंचे थे। शो के प्रोमो में देखा गया कि अक्षय और अरशद मस्ती-मजाक के मूड में प्रतियोगियों की क्लास लेते हुए दिखाई दिए। उन्होंने खासतौर पर कुनिका, नीलम और बसीर अली से मजेदार सवाल-जवाब किए और ऐसी बातें कहीं कि दर्शक हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।
अक्षय और अरशद ने प्रतियोगियों को कहा
अक्षय कुमार और अरशद वारसी ने शो में आते ही सबसे पहले प्रतियोगियों को कहा, ‘आप लोग इतना क्यों तैयार होकर बैठे हैं, शादी में जाना है।’ फिर अरशद बोले, ‘बसीर ने तो कपड़े भी नहीं पहने हैं।’ आगे वह नीलम को कहते हैं, ‘आप तो गुडियों में फंस गईं।’ दरअसल, नीलम को शो की दूसरी फीमेल कंटेस्टेंट्स काफी परेशान कर रही हैं।
‘दोनों भाई, तबाही हैं’
आगे अक्षय कुमार ने कुनिका को कहा, ‘आपके साथ मैंने ‘खिलाड़ी’ में एक गाना किया था, आप आज भी वैसी ही दिखती हैं।’ कुनिका ने जब थैंक्स कहा तो अक्षय बोले, ‘अरे, ऐसा कहना पड़ता है।’ यह सुनकर सबकी हंसी छूट गई। आखिर में शो के एक प्रतियोगी ने अक्षय कुमार और अरशद के बारे में कहा, ‘दोनों भाई, तबाही हैं।’
‘जाॅली एलएलबी 3 कब रिलीज हो रही है
सुभाष कपूर द्वारा निर्देशित ‘जॉली एलएलबी 3’ की कहानी किसानों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में अक्षय और अरशद ने वकील जॉली का किरदार ही निभाया है। यह फिल्म 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी के अलावा सौरभ शुक्ला, हुमा कुरैशी, अमृता राव, गजराज राव और सीमा बिस्वास जैसे एक्टर्स भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

