सिंगापुर से गुवाहाटी तक जुबीन का अंतिम सफर,
नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर आज गुवाहाटी पहुंचा। जानकारी के अनुसार, देर रात सिंगापुर से उनका पार्थिव शरीर दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया था, जहां से विशेष विमान के जरिए गुवाहाटी रवाना किया गया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जुबीन के अंतिम सफर की झलकियां साझा कीं। इससे पहले उन्होंने देर रात गायक को श्रद्धांजलि अर्पित की थी। अब जुबीन गर्ग के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
सीएम ऑफिस ने एक्स पर किया पोस्ट
असम के सीएम ऑफिस की ओर से एक्स पर पोस्ट लिखा गया- ‘हृदय को कंपा देने वाला एक गीत…जुबीन गर्ग… असम के हृदय में… हर दिन…! असम के दिल के सबसे करीब इस कलाकार को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि…’
जुबीन के पार्थिव शरीर को उनके आवाज पर ले जाया जा रहा है। असम के मंत्री रनोज पेगु ने एक्स पर लिखा- ‘बहु प्रतीक्षा के बाद हमारे सभी के प्रिय और श्रद्धेय संगीत कलाकार जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर बोरझार हवाई अड्डे से काहिलिपाड़ा स्थित उनके घर के लिए रवाना हुआ। हजारों लोगों ने अश्रुपूरित नेत्रों से इस तरह अंतिम बार अपने जीवन के कलाकार को विदाई दी।’
जुबीन के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
इससे पहले जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर जब गुवाहाटी पहुंचने वाला था और उनके फैंस अंतिम दर्शन के लिए इंतजार कर रहे थे तो गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारी भीड़ उमड़ गई। उत्साहित प्रशंसक अचानक नियंत्रण से बाहर हो गए और बैरिकेड्स तोड़ते हुए इमारत की ओर बढ़ने लगे। हालात बिगड़ते देख अफरा-तफरी मच गई। एक अधिकारी के मुताबिक, हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, क्योंकि आधी रात के बाद जुटी भीड़ ने सुरक्षा बलों द्वारा रोके जाने से पहले दो से अधिक बैरिकेड्स तोड़ डाले थे।
तैरते समय नहीं पहनी हुई थी लाइफ जैकेट
पूरे असम के दिलों की धड़कन कहे जाने वाले जुबीन गर्ग को ‘असम की आवाज’ कहा जाता था। शुक्रवार को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय उन्होंने हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने उस समय लाइफ जैकेट नहीं पहनी हुई थी। उनकी असामयिक मृत्यु ने न सिर्फ असम बल्कि पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मुख्यमंत्री हिमंत ने दी श्रद्धांजलि
शनिवार आधी रात को उनका पार्थिव शरीर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नई दिल्ली लाया गया। यहां असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा खुद मौजूद रहे और उन्होंने जुबीन को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और राष्ट्रीय राजधानी में तैनात असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकारी स्तर पर उन्हें पूरे सम्मान के साथ विदाई देने की व्यवस्था की गई।
गुवाहाटी लाया जाएगा पार्थिव शरीर
दिल्ली से गायक का पार्थिव शरीर विशेष विमान द्वारा गुवाहाटी लाया जाएगा। फिलहाल पार्थिव शरीर को उनके निवास पर रखा जाएगा जहां उनके परिजनों और करीबी रिश्तेदारों को अंतिम दर्शन करने का अवसर मिलेगा। बताया जा रहा है कि उनके 85 वर्षीय बीमार पिता भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।
डेढ़ घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा पार्थिव शरीर
गुवाहाटी पहुंचने के बाद जुबीन का पार्थिव शरीर लगभग डेढ़ घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आम जनता के लिए अंतिम दर्शन की व्यवस्था होगी। हजारों की भीड़ वहां उमड़ने की संभावना है। राज्य सरकार ने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं।
अंतिम संस्कार पर होगा कैबिनेट का फैसला
जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार की रूपरेखा अभी तय नहीं हुई है। राज्य सरकार ने साफ किया है कि यह निर्णय गायक के परिवार और विभिन्न सामाजिक संगठनों से विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा। रविवार शाम को असम मंत्रिमंडल की विशेष बैठक बुलाकर दफन स्थल और अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया पर सहमति बनाई जाएगी।
जुबीन गर्ग ने अपने गीतों से जीते थे लोगों के दिल
गायक जुबीन गर्ग ने अपने गीतों से न सिर्फ असम बल्कि पूरे देश के संगीतप्रेमियों के दिलों में जगह बनाई थी। उनका जाना संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

