जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना मिर्जापुर क्षेत्र के रायपुर-हथिनीकुंड रोड पर शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना मिर्जापुर पुलिस टीम देर रात करीब एक बजे ग्राम खेड़ी मुस्तकम तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रायपुर की ओर से एक बाइक रेहड़ा पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तत्काल जवाबी फायरिंग की। इस दौरान बदमाशों की बाइक रेहड़ा सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे और खेतों का सहारा लेकर भाग निकला।
घायल बदमाशों की पहचान मेरठ निवासी फैजान और उत्तराखंड निवासी दिलशाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया। मौके से दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक बाइक रेहड़ा, एक ऑक्सीजन सिलेंडर, एक एलपीजी सिलेंडर, गैस कटर मशीन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि पकड़े गए बदमाश किसी बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।पुलिस का कहना है कि दोनों गिरफ्तार आरोपी शातिर चोर हैं और अलग-अलग जिलों में चोरी की वारदातों में लिप्त रहे हैं। मुठभेड़ स्थल से बरामद औजारों से स्पष्ट है कि बदमाश किसी बड़ी चोरी की तैयारी में थे।

