जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ प्रदान करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। जमीअत हिमायतुल इस्लाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष क़ारी अबरार जमाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक औपचारिक पत्र भेजकर यह मांग की है। 4 अक्टूबर 2025 को लिखे गए इस पत्र में क़ारी अबरार जमाल ने कहा है कि डॉ. हेडगेवार ने भारत के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने अपने विचारों और कार्यों से समाज में एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल किया। पत्र में कहा गया है कि आज लाखों कार्यकर्ता डॉ. हेडगेवार के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा में जुटे हैं। क़ारी अबरार जमाल ने लिखा है कि ऐसे महान राष्ट्रभक्त और समाजसेवी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना न केवल उनके योगदान का गौरव बढ़ाएगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि भारत सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करे और डॉ. हेडगेवार को भारत रत्न देने का निर्णय ले।
पत्र के अंत में क़ारी अबरार जमाल ने प्रधानमंत्री से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई है।

