जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: मेरठ–करनाल हाईवे पर स्थित टपराना गोल चक्कर पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक ने एक बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झिंझाना कस्बा निवासी सोनू पुत्र साजिद अपने साथी आरिफ पुत्र यासीन निवासी बल्ला मजरा चौसाना के साथ बाइक पर सवार होकर शामली किसी कार्यक्रम में खाना बनाने के लिए जा रहे थे। जब वे टपराना गोल चक्कर के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
क्या बोले थाना प्रभारी ?
थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने बताया कि, “हादसे की सूचना मिलने पर घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।”
शोक की लहर
इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा उचित विधिक कार्रवाई की जा रही है।

