नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉट कॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है । अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और विदेशी पूंजी के ताजा प्रवाह के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। वैश्विक स्तर पर बने सकारात्मक रुझान के बीच शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ऊंचाई पर खुले।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 287.94 अंक की बढ़त के साथ 84,916.10 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 86.65 अंक चढ़कर 26,022.85 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक और अडानी पोर्ट्स शीर्ष लाभ में रहे। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, इटर्नल और एक्सिस बैंक में गिरावट दर्ज की गई।
फेडरल रिजर्व से सकारात्मक संकेत की उम्मीद
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि “वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला जारी है और इसका मुख्य कारण अमेरिका में निरंतर मजबूती है। आज फेड से 25 आधार अंकों की दर कटौती की उम्मीद है। हालांकि दरों के निर्णय से भी ज्यादा महत्वपूर्ण फेड की मात्रात्मक सख्ती (Quantitative Tightening) पर टिप्पणी होगी।”
वहीं एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, “फेड का नरम रुख भारत जैसे उभरते बाजारों में तरलता प्रवाह को बढ़ावा देगा, जिससे निफ्टी और सेंसेक्स अपनी रिकॉर्ड ऊंचाई के आसपास बने रह सकते हैं।”
विदेशी निवेशकों का बढ़ा भरोसा
मेहता लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे के अनुसार, “मंगलवार को भले ही बाजार में उतार-चढ़ाव रहा, लेकिन विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 10,340 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की, जिससे निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ।”
वैश्विक बाजारों में तेजी
एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट सूचकांक बढ़त पर कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार भी मंगलवार को सकारात्मक दायरे में बंद हुए।
कच्चे तेल के दाम में गिरावट
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.08 प्रतिशत घटकर 64.35 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
मंगलवार को सेंसेक्स 150.68 अंक या 0.18 प्रतिशत गिरकर 84,628.16 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 29.85 अंक या 0.11 प्रतिशत गिरकर 25,936.20 अंक पर बंद हुआ था।

