जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: सऊदी अरब के मदीना से भारत के हैदराबाद आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-058 को सोमवार सुबह बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार, विमान में कुल 180 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे।
ईमेल के जरिए दी गई हैदराबाद एयरपोर्ट को धमकी
दो दिन पहले कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को भी बम की धमकी दी गई थी। इसके बाद विमान को मुंबई डायवर्ट कर दिया गया था। यह धमकी हैदराबाद एयरपोर्ट को एक ईमेल के जरिए दी गई। इसमें कहा गया कि विमान पर एक मानव बम सवार है। हालांकि, विमान की बाद में मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और यात्रियों को उतारकर विमान की जांच की गई, जिसमें बम होने की बात कोरी अफवाह साबित हुई।
बता दें कि, दिल्ली में हुए धमाके के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसके बावजूद दो हफ्ते पहले लगातार एयरपोर्ट से लेकर विमानों तक को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। जहां पहले कनाडा के टोरंटो से दिल्ली आ रहे विमान में बम की अफवाह फैलाई गई तो वहीं इससे पहले मुंबई से वाराणसी जा रही फ्लाइट को बम की धमकी दी गई थी। इसके अलावा कुछ अराजक तत्व दिल्ली एयरपोर्ट, गोवा एयरपोर्ट और चेन्नई एयरपोर्ट को भी उड़ाने की धमकी दे चुके हैं।

