जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: ऑपरेशन सवेरा 2.0 के तहत नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में नकुड़ पुलिस को मंगलवार सुबह बड़ी सफलता मिली। सीओ नकुड़ रुचि गुप्ता के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के दिशा-निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के खिलाफ सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। जिले में लगातार दबिश, गश्त और चेकिंग के माध्यम से नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है।
इसी अभियान के तहत ग्राम घाटमपुर के पास चौकी प्रभारी अम्बेहटा पीर पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान गंगोह रोड की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार युवक ने इसके बाद टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अमजद पुत्र राशिद निवासी ग्राम घाटमपुर, थाना नकुड़ के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमजद पर एनडीपीएस एक्ट सहित करीब आधा दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।मौके से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन सवेरा 2.0 के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

