जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में हो रही ठंड और कोहरे के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहली जनवरी को पश्चिमी यूपी के तराई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में गिरावट का सिलसिला थम जाएगा।
पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहली जनवरी को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर सहित पश्चिमी यूपी के 17 जिलों में हल्की बारिश या छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं।
बुधवार के लिए उत्तर प्रदेश के 37 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, 17 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट के कारण शीत दिवस की चेतावनी भी दी गई है।
कानपुर शहर में रही सबसे ठंडी रात
मंगलवार को 4.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर शहर में सबसे ठंडी रात रही। वहीं घने कोहरे की वजह से प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद और सहारनपुर में दृश्यता शून्य हो गई। वहीं हमीरपुर में 20 मीटर, अमेठी, अलीगढ़, झांसी, फतेहपुर आदि में 50 मीटर दृश्यता दर्ज हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि यूपी में सक्रिय विक्षोभ के असर से बुधवार से दिन व रात के तापमान में बढ़त के साथ ही कोहरे के घनत्व में कमी आएगी और शीत दिवस से निजात मिलेगी। अगले चार दिनों तक दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप और पारे में बढ़त से राहत की परिस्थितियां बनेंगी।
इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात. कानपुर नगर, उन्नाव रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया व आसपास के इलाकों में।
इन जिलों में शीत दिवस की संभावना
फतेहपुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, बरेली, पीलीभीत, हमीरपुर आदि।
राजधानी में ठहरेगा गिरता पारा
राजधानी लखनऊ में हो रही भीषण ठंड से फिलहाल आंशिक राहत के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार से दिन और रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, सुबह और शाम को कोहरे का असर बना रहेगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप खिलने की संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, लखनऊ में अगले चार दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की तात्कालिक बढ़त देखने को मिल सकती है। मंगलवार को राजधानी में सुबह दृश्यता घटकर केवल 150 मीटर तक रह गई थी। दिन में ठंडी पछुआ हवा का असर रहा, लेकिन दोपहर में धूप से कुछ राहत मिली।
मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री की बढ़त के साथ 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 7.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

