नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 125.96 अंक टूटकर 85,636.05 के स्तर पर आ गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 30.95 अंक गिरकर 26,297.60 पर कारोबार करता नजर आया।
रुपया भी दबाव में
शेयर बाजार के साथ-साथ रुपये में भी कमजोरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 4 पैसे टूटकर 90.24 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों का प्रदर्शन
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एनटीपीसी के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर लाभ के साथ कारोबार करते दिखे।
भू-राजनीतिक तनाव का असर
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि वर्ष 2026 की शुरुआत महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के साथ हुई है, जिनके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई से वैश्विक भू-राजनीति में और अधिक अस्थिरता बढ़ने की आशंका है, जिसका असर बाजारों पर पड़ रहा है।
एशियाई बाजारों का मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 और चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट सूचकांक ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहे थे, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक मामूली गिरावट के साथ नजर आया। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को ज्यादातर सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60.70 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
निवेशकों की गतिविधि
बाजार विनिमय के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 289.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 677.38 करोड़ रुपये का निवेश किया।
पिछले कारोबारी दिन का हाल
शुक्रवार को सेंसेक्स 573.41 अंक या 0.67 प्रतिशत की तेजी के साथ 85,762.01 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 182 अंक या 0.70 प्रतिशत चढ़कर 26,328.55 के स्तर पर बंद हुआ था।

