जनवाणी ब्यूरो |
मोदीपुरम: शहर इन दिनों घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में है। कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। रात के समय तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं दिन में भी धूप न निकलने के कारण लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। सर्द हवाओं और नमी के चलते ठिठुरन और बढ़ गई है। सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम हो जा रही है। इसका असर सड़क यातायात के साथ-साथ रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ रहा है।
वाहन चालकों को लाइट जलाकर धीमी गति से सफर करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल शीतलहर का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। हालांकि विभाग ने 18 जनवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत दिए हैं। तब तक लोगों को ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते प्रदूषण और शांत हवाओं के कारण ठंड का असर और बढ़ रहा है। चिकित्सकों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोग अलाव, गर्म कपड़ों और गर्म पेय पदार्थों का सहारा लेकर ठंड से बचाव कर रहे हैं।

