जनवाणी बयूरो |
नई दिल्ली: ग्वालियर में घने कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा भिंड रोड हाईवे पर बंटू ढाबा के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और भिंड जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। परिवार भिंड से ग्वालियर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 8 बजे, जैसे ही उनकी कार बंटू ढाबा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को कुचल दिया।
हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिने हिस्से में झाड़ियों में जा घुसा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को कार से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

