जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच सोमवार रात घोषित हुए व्यापार समझौते का असर मंगलवार सुबह शेयर बाजार पर साफ नजर आया। आम बजट के दिन (1 फरवरी) भारी गिरावट झेलने के बाद बाजार ने जोरदार वापसी की और निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
बुधवार को शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 3,656.74 अंक की छलांग लगाकर 85,323.20 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 1,219.65 अंक चढ़कर 26,308.05 पर कारोबार करता दिखा। सुबह 11 बजे तक भी बाजार में मजबूती बनी रही। बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध ज्यादातर कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।
टैरिफ कटौती से निवेशकों में भरोसा
अमेरिका के साथ हुए समझौते के तहत 18 फीसदी टैरिफ घटाने पर सहमति बनी है, जिसका सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ा। रिलायंस, अदाणी समेत कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में तूफानी तेजी देखने को मिली। अडानी पोर्ट्स का शेयर करीब 6.91 प्रतिशत तक उछला, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में लगभग 4 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई।
बजट के बाद बाजार की दमदार वापसी
बजट वाले दिन आई भारी गिरावट के बाद सोमवार (2 फरवरी) को भी बाजार में तेजी देखने को मिली थी। ब्लू-चिप तेल एवं गैस, बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में जबरदस्त खरीदारी के चलते सेंसेक्स 943.52 अंक या 1.17 प्रतिशत चढ़कर 81,666.46 पर बंद हुआ था। दिन के दौरान यह 1,009.31 अंक की बढ़त के साथ 81,732.25 के उच्चतम स्तर तक पहुंचा।
वहीं एनएसई निफ्टी 262.95 अंक या 1.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,088.40 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान निफ्टी 25,108.10 के स्तर तक पहुंच गया था।
निवेशकों में लौटा भरोसा
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और टैरिफ कटौती की खबरों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक संकेत ऐसे ही सकारात्मक रहे, तो आने वाले दिनों में बाजार में तेजी का रुख बना रह सकता है।

