Wednesday, March 25, 2026
- Advertisement -

गैस को देखने का अपना अपना नजरिया

समस्या गैस की हो, तो प्राथमिक स्तर पर परीक्षण अनिवार्य है, कि गैस किस प्रकार की है। समस्या पेट गैस की है तो वैद्य हकीमों से अच्छा उपचार किसी अन्य के पास नहीं है। क्योंकि वे जानते हैं कि हर समस्या की जड़ पेट है, पेट में गैस और अफारा जैसी समस्या व्यक्ति का जीना दूभर कर देती है, स्वस्थ पेट से ही शरीर स्वस्थ रहता है। इसलिए कहते हैं कि पेट सफा हर रोग दफा। यदि खाना पकाने में मुख्य भूमिका निभाने वाली रसोई गैस की समस्या है, तो उसका समाधान गैस एजेंसियों के पास है। मांग और पूर्ति का नियम उस पर लागू होता है। यदि मांग कम होगी, तो गैस सिलेंडर लेकर सप्लाई करने वाले दर दर घूमेंगे। यदि मांग अधिक होती है, तो तब गैस सप्लाई करने वालों के नखरे भी बढ़ जाते हैं। वे मनमानी करने लगते हैं और अपनी चौर्य कला का प्रयोग सिलेंडर से गैस चोरी करने, एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भरने जैसी क्रिया के माध्यम से करते हैं।

कई बार घरेलू गैस सिलेंडर की बची हुई गैस व्यावसायिक सिलेंडर में भरते हैं। मुद्दा यह है कि जहां भी खालीपन हो, उसे गैस से भरने का प्रयास किया ही जाता है। बहरहाल गैस के भी अनेक प्रकार हैं। किसी भी शल्य क्रिया की सफलता गैस विसर्जन पर टिकी होती है। गैस विसर्जित न होने तक शल्य क्रिया की सफलता में संदेह रहता है। वैसे गैस के उत्पादन हेतु नित नए प्रयोग किए जाते हैं। एक समय था कि जब गांवों में गोबर गैस संयंत्र बड़े जमींदारों के घेर में स्थापित किए जाते थे। उस उत्पादन से जहां घर रोशन होते थे, वहीं गोबर गैस भोजन पकाने में गृहणियों का भरपूर साथ निभाती थी।

अब युग बदल गया है। गैस सिलेंडर निम्न और मध्यम वर्ग की मजबूरी है। अभिजात्य वर्ग की किचन तक पाइप लाइन के माध्यम से सीधे ही गैस सप्लाई होती है। न सिलेंडर बुक कराने का झंझट, न सिलेंडर की ढुलाई का झंझट। फिर भी गैस डिमांड में रहती है। कभी-कभी यह डिमांड अफवाहों के आधार पर भी बढ़ती है। इन अफवाहों के आधार पर जिन घरों में पाइप लाइन के माध्यम से सीधे गैस सप्लाई होती है, वे भी सिलेंडर की जुगाड़ में लग जाते हैं। बहरहाल गैस पर राजनीतिक दल अलग से ही रोटी पकाने और चाय बनाने का जतन कर रहे हैं।

कुछ खद्दर धारी तो नाले के निकट ही टी स्टाल खोलकर खड़े हो गए। नाले से गैस बनाने का ड्रामा करने लगे, मगर उनका हश्र वही हुआ जो अनाड़ी का खेलना खेल का सत्यानाश वाले का होता है। न उन्होंने गोबर गैस संयंत्र की तकनीकी का प्रयोग किया और न ही गैस बनाने की ट्रेनिंग ली। किसी किसी ने तो गैस की किल्लत का रोना रोते हुए भरे गैस के सिलेंडर के साथ वीडियो बनाई। किसी ने घर के संगमरमरी फर्श पर मिट्टी के चूल्हे बनाने का ड्रामा किया, मगर उपले लकड़ी का इंतजाम नहीं किया। हर कोई गैस को अपने नजरिए से देख रहा है। कोई गैस की समस्या से निपटने के लिए ईनो का सेवन कर रहा है। कोई गैस में अन्य अनेक प्रयोग की संभावनाएं तलाश रहा है। कोई गैस के आकार पर बहस करने पर आमादा है। यानी गैस एक प्रयोग अनेक।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

क्यों बढ़ रहा है किडनी रोग?

डॉ रूप कुमार बनर्जी, होमियोपैथिक चिकित्सक आधुनिकता और शहरी जीवनशैली...

स्वस्थ तन मन के लिए क्या करें

नीतू गुप्ता मनुष्य जब तक जवान रहता है, वह सोचता...

वो गैस आ नहीं रही, ये गैस जा नहीं रही

गैस से वे पहले ही परेशान थे। चौबीसों घंटे...

लिखा जा रहा नारी शक्ति का नया अध्याय

भारत का लोकतंत्र एक नए मोड़ पर खड़ा है...

पर्यावरण अनुकूल बने ईवी

जलवायु परिवर्तन आज मानव सभ्यता के सामने सबसे बड़ी...
spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here