जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाके भीषण गर्मी की चपेट में रहे, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। प्रयागराज, वाराणसी, हरदोई, आगरा, मेरठ, अलीगढ़ और शाहजहांपुर जैसे शहरों में भयानक लू के थपेड़े महसूस किए गए। प्रयागराज में पारा 45.2°C तक पहुंचा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। बांदा में 44.3°C और हमीरपुर में 44.2°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से विभिन्न इलाकों में बूंदाबांदी होगी और तापमान में 2 से 4°C तक की गिरावट आएगी। हालांकि शनिवार को 45 जिलों में लू की चेतावनी जारी है, जबकि पश्चिम के 21 जिलों में वार्म नाइट की संभावना जताई गई है।
45 जिलों में लू का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नोज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी।
वार्म नाइट की संभावना वाले क्षेत्र
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बदायूं और आसपास के क्षेत्र।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 26 अप्रैल से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और 28-29 अप्रैल को हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे तापमान में 2 से 4°C की गिरावट आ सकती है और लू के असर में कुछ राहत मिलेगी।
परिषदीय स्कूलों में निर्देश
बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के लिए निर्देश जारी किए हैं। धूप में किसी गतिविधि पर रोक, प्रार्थना सभाएं छायादार स्थानों में, आउटडोर गतिविधियां सुबह 9 बजे तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, पंखे और फर्स्ट-एड की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। बच्चों को समय-समय पर पानी पीने और लू से बचाव के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है।

