जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: बीते 15 दिनों से परेशान करने वाली भीषण गर्मी से अब मंगलवार से काफी हद तक राहत मिलने की संभावना है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 अप्रैल से उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में हवाओं का रुख बदल जाएगा।
प्रदेश में गर्मी और लू का प्रकोप
उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी और भीषण लू का असर सोमवार को भी जारी रहा। सुबह से तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। बुंदेलखंड के बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में सबसे अधिक था। अप्रैल महीने में बांदा के सभी पुराने तापमान रिकॉर्ड टूट गए।
आगरा, प्रयागराज और हमीरपुर में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग घरों में रहने को मजबूर हुए।
मौसम में बदलाव के संकेत
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, मंगलवार से प्रदेश में राहत मिलने के संकेत हैं। 27 अप्रैल से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम बदल सकता है। सोमवार को ललितपुर और झांसी में हल्की बूंदाबांदी हुई।
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
मंगलवार को प्रदेश के 27 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है।पश्चिमी यूपी के करीब 15 जिलों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के चलने की आशंका है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
झोंकेदार हवाओं वाले जिले
अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र।
गरज-चमक और वज्रपात की संभावना वाले जिले
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, संभल, बदांयू, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि।
राजधानी में मौसम की स्थिति
दिल्ली में भी बीते कई दिनों से जारी गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत मिलने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार को हवा का रुख पछुआ से पुरवा की ओर बदल गया। रविवार रात से हवाओं में बदलाव हुआ और तेज हवाएं चलीं।
दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं के बावजूद लू जैसी स्थिति नहीं बनी। हवा में नमी बढ़ने से उमस महसूस हुई और दोपहर बाद हल्के बादल भी दिखाई दिए। शाम तक बादलों की आवाजाही जारी रही। इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री गिरकर 40.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी आसमान में बादल बने रहेंगे। इससे तेज धूप और गर्मी में थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन उमस अधिक रहेगी।
बुधवार से बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की बारिश से तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे अगले एक सप्ताह तक लू से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि नमी के कारण उमस और आभासी गर्मी बनी रह सकती है।

