जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कवि डॉ. कुमार विश्वास, दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती और सत्येंद्र जैन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यह मामला अब एमपी-एमएलए की विशेष मजिस्ट्रेट कोर्ट में विचाराधीन है।
विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान अगली तारीख 15 मई तय की। तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले ही समन जारी हो चुका है।
मामला अमेठी संसदीय क्षेत्र से जुड़ा है। 2014 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने राहुल गांधी के खिलाफ डॉ. कुमार विश्वास को उम्मीदवार बनाया था। आरोप है कि चुनाव प्रचार के पांचवें चरण के समाप्त होने के बाद भी पार्टी से जुड़े कई लोग अमेठी के महमूदपुर स्थित उनके आवास पर रुके रहे, जिससे आचार संहिता का उल्लंघन हुआ।
अमेठी के तत्कालीन कोतवाल मोहम्मद हमीद ने 5 मई 2014 को कुमार विश्वास, सोमनाथ भारती और सत्येंद्र जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने 27 अक्तूबर 2014 को चार्जशीट दाखिल की, जिस पर कोर्ट ने 30 अक्तूबर को समन जारी किया।
पहले यह केस एसीजेएम चतुर्थ की अदालत में चल रहा था, लेकिन अब इसे पूर्व विधायक से जुड़े मामले होने के कारण एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया है।
2014 चुनाव से जुड़ा मामला
5 मई 2014: एफआईआर दर्ज
27 अक्तूबर 2014: चार्जशीट दाखिल
30 अक्तूबर 2014: समन जारी
अब: एमपी-एमएलए विशेष अदालत में सुनवाई

