जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: सोमवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली ने कई क्षेत्रों में तबाही मचाई। बारिश और तूफानी हवाओं के चलते खेतों में काम कर रहे किसान और खुले स्थान पर मौजूद लोग इसके शिकार बने। कुछ जगहों पर पेड़ और दीवारें गिरने से भी नुकसान हुआ। इस दौरान प्रदेश में कुल 23 लोगों की मौत हुई, जिनमें अवध क्षेत्र के सात लोग शामिल हैं। संभल में सबसे अधिक 130 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 21 जिलों में गरज-चमक और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अवध के जिलों में हादसों में 7 की मौत
अवध क्षेत्र में सोमवार सुबह अचानक आंधी और बारिश के कारण सात लोगों की जान चली गई। गोंडा में पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटने और कार पलटने से चार लोगों की मौत हुई। बलरामपुर में पेड़ गिरने से एक ई-रिक्शा चालक की जान गई। वहीं बहराइच और अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हुई।
यूपी में झमाझम बारिश और तेज हवाएं
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को भी तेज आंधी और बारिश जारी रही। संभल में 130 मिमी, कासगंज में 97 मिमी, बरेली में 54.6 मिमी, बाराबंकी में 53 मिमी, मुरादाबाद में 45 मिमी और गोरखपुर में 41.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर, अलीगढ़ और गोरखपुर समेत कई जिलों में 80–85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
इसके प्रभाव से अधिकतम तापमान सामान्य से 10–12 डिग्री कम दर्ज किया गया। बाराबंकी में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस, शाहजहांपुर में 27.8 डिग्री रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 21 जिलों में गरज-चमक और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट और 30 जिलों में 70 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, अगले तीन दिन तक प्रदेश में आंधी, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहेंगी। 5 से 7 मई के बीच कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और ओले गिरने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर और आस-पास के क्षेत्र।
तेज हवाओं की आशंका वाले जिले (70 किमी/घंटा तक)
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर और आस-पास के क्षेत्र।

